कम पैसे में घूमना चाहते हैं वियतनाम और कंबोडिया, IRCTC लेकर आया है टूर पैकेज

IRCTC ने कंबोडिया और वियतनाम के दर्शनीय स्थलों की सैर के लिए किफायती हवाई यात्रा पैकेज शुरू किया है। पैकेज की शुरुआत लखनऊ से होगी।

इस पैकेज में यात्रियों को दक्षिण पूर्व एशिया के दो देशों कंबोडिया और वियतनाम की यात्रा करने का मौका मिलेगा। इन दोनों देशों का भारतीय संस्कृति से खास जुड़ाव है।

यह पैकेज 18 अप्रैल, 2024 से शुरू होगा। यह यात्रियों को वियतनाम और कंबोडिया में 9 दिन और 8 रात रुकने का अवसर देता है।

इस पैकेज में यात्रियों के लिए नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना शामिल है। पैकेज में कुल 35 सीटें उपलब्ध हैं। यात्री पहले लखनऊ से कोलकाता और फिर कोलकाता से हनोई के लिए उड़ान भरेंगे।

इस पूरे पैकेज में यात्रियों को खाने-पीने से लेकर वीजा, बीमा और टूर गाइड जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही यात्रियों को जहां भी रुकेंगे, वहां 4 स्टार होटल में ठहरने की सुविधा भी मिलेगी।

इस पैकेज में कंबोडिया में अंगकोर वाट मंदिर, हनोई में न्गोक सोन मंदिर के दर्शन और वियतनाम में क्रूज का आनंद लेना शामिल है।

इस पैकेज में यात्रियों को सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए 1,84,200 रुपये, डबल ऑक्यूपेंसी के लिए 1,49,100 रुपये और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी के लिए 1,47,800 रुपये का भुगतान करना होगा।