लोकसभा चुनाव : दूसरे चरण में राजस्थान की 13 सीटों के लिए मतदान शुरू


जयपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राजस्थान की शेष 13 सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। इन सीटों पर कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। कई दिग्गज नेताओं ने सुबह-सुबह ही अपना वोट डाला। इनमें शिक्षा मदन दिलावर, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और बाड़मेर-जैसलमेर से भाजपा कैंडिडेट और मंत्री कैलाश चौधरी शामिल हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लगी हैं।

राजस्थान में दूसरे चरण की 13 सीटों में जोधपुर, बाड़मेर, पाली, जालोर, राजसमंद, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा, टोंक-सवाई माधोपुर, कोटा और झालावाड़-बारां शामिल हैं। सबसे रोचक मुकाबला बाड़मेर, बांसवाड़ा और कोटा सीट पर है। आज हो रही वोटिंग

शिक्षा एवम पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने सपरिवार सबसे पहले अपने मतदान केंद्र पर पहुंच कर पहला वोट डाला। दिलावर प्रातः 7 बजे अपनी पत्नी सूरज दिलावर, पुत्र दीपक दिलावर और अपनी दोनों पुत्र वधु प्रीति दिलावर तथा हेमलता दिलावर के साथ मदर टेरेसा उच्च माध्यमिक विद्यालय,वीर सावरकर नगर, रंगबाड़ी कोटा स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे और सबसे पहले वोट डाला। मतदान करने के बाद मंत्री दिलावर ने लोगों से अपील की कि सबसे पहले मतदान करने मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाले। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महायज्ञ है और हम सब को इस महायज्ञ में अपनी आहुति मतदान करके देनी है। खुद भी जाए और परिवार जनों को भी लेकर जाए। मतदान जरूर करे। अजमेर दक्षिण से भाजपा विधायक अनिता भदेल मलियान सैनी स्कूल में मतदान करने पहुंचीं।

झालावाड़ शहर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं झालरापाटन विधायक वसुंधरा राजे ने मतदान किया। राजे अपने पोते विनायक प्रताप सिंह के साथ मतदान केंद्र पहुंची। उनके पोते ने लोकसभा में पहली बार वोट डाला। इस दौरान उनके बेटे और भाजपा प्रत्याशी दुष्यंत सिंह भी उनके साथ मौजूद थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि दूसरे चरण में मतदान वाले 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 2 करोड़ 80 लाख 78 हजार 399 मतदाता पंजीकृत हैं। इसमें 1 करोड़ 44 लाख 74 हजार 618 पुरुष, 1 करोड़ 36 लाख 03 हजार 457 महिला और 324 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। सर्विस वोटर्स की संख्या 26 हजार 837 है। इ क्षेत्रों में वर्ष 2019 के मुकाबले 23 लाख 02 हजार 211 मतदाता बढ़े हैं। वर्ष 2019 के मुकाबले 18-19 वर्ष आयु वाले नव मतदाताओं की संख्या 7.13 लाख से बढ़कर 8.66 लाख हो गई है। इसके साथ ही दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2.53 लाख से बढ़कर 3.23 लाख, एनआरआई मतदाताओं की संख्या 70 से बढ़कर 130 हो गई है। कुल 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 145 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा आम चुनाव के दौरान इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 115 प्रत्याशी थे। इनमें 108 पुरूष और 7 महिलाएं थीं।