कंगना रनौत को हराकर वापस भेजेंगे बॉलीवुड: विक्रमादित्य सिंह

शिमला, 8 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कंगना का मंडी से हारना तय है। कंगना को हराकर वापस बॉलीवुड भेजा जाएगा।

कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सिंह ने कहा कि कंगना हिमाचल की बेटी है और वह उसका सम्मान करते हैं, लेकिन हिमाचल में हज़ारों बेटियां हैं, जिन्होंने अलग अलग क्षेत्रों में अपना नाम कमाया है। कंगना पर हमला बोलते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चुनाव में हर मुद्दा उठेगा और सवाल जवाब भी होंगे, जिसके लिए कंगना रनौत जवाब देने को तैयार रहें। मंडी में जिस तरह का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, उसका हिमाचल के साथ कोई लेना-देना नही है।

कंगना के बीफ कभी न खाने के ट्वीट पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना खुद कई मंचों पर बीफ खाने की बात कबूल चुकी है। कांग्रेस नेता उनको बदनाम नहीं कर रहे हैं बल्कि वे खुद इसके जिम्मेदार हैं। सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री जयरा ठाकुर पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें पलटू राम सीएम करार दिया। उन्होंने कहा कि जयराम दूसरों को उपदेश न दें। जयराम ठाकुर बड़ी -बड़ी बातें करते हैं, उनको तो राम मन्दिर का न्यौता तक नहीं मिला था, जबकि मुझे न्योता भी मिला था और मैंने दर्शन भी किए हैं।

मंडी सीट पर उन्हें टिकट देने की चर्चाओं पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस आलाकमान के हर आदेश का पालन करेंगे। पहले भी उनके पिता-माता मंडी से सांसद रहे हैं। प्रतिभा सिंह भी तीसरी बार मंडी से सांसद हैं और मंडी की जनता उनके साथ जुड़ी हैं, जो भी आदेश हाई कमान देगा उसकी पालना की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मंडी संसदीय सीट के चुनाव में कांग्रेस अभिनेत्री कंगना रनौत के सामने युवा चेहरे पर दांव खेल सकती है। दो दिन पहले दिल्ली में हुई कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में मंडी से विक्रमादित्य सिंह का नाम उभर कर सामने आया है। स्क्रीनिंग कमेटी ने मंडी सीट से निवर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह के साथ उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह को पैनल में शामिल किया है। इस पर अब कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा। कांग्रेस से जुड़े नेताओं के मुताबिक हाईकमान विक्रमादित्य सिंह को मंडी से उतारने के पक्ष में है।

भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत 37 साल की हैं और उनसे मुकाबले के लिए कांग्रेस के सर्वे में विक्रमादित्य सिंह सशक्त चेहरा होने का दावा किया गया है। विक्रमादित्य सिंह वर्तमान सुक्खू सरकार में लोकनिर्माण और शहरी विकास विभागों के मंत्री हैं। 35 वर्षीय विक्रमादित्य सिंह सुक्खू सरकार में सबसे युवा मंत्री हैं।