वाराणसी: मंत्री रविंद्र जायसवाल ने 19 नवचयनित उप निबंधकों को दिए नियुक्ति पत्र

वाराणसी,14 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने गुरुवार को स्थानीय सर्किट हाउस सभागार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2023 में चयनित 19 उप निबंधक पद के अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया। नियुक्ति पत्र पाते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे।

इस अवसर पर राज्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से हो रही है। पहले चयन प्रक्रिया में 4-5 वर्षों का समय लग जाता था। किन्तु अब समयानुसार प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जिसका प्रमाण आज वितरित हुआ नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है।

उन्होंने बताया कि 01 वर्ष से कम अवधि 08 माह 09 दिन में ही 2023 का चयन प्रक्रिया पूरी कर आज नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास कर रही केंद्र की मोदी सरकार एवं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही नवचयनित अभ्यर्थियों को भ्रष्टाचार से दूर रहते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि आपका व्यवहार आम जनमानस का साथ मृदुल होना चाहिए। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने स्टॉक होल्डिंग की तरफ से लखनऊ में स्थापित हेल्प डेस्क का ऑनलाइन उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव लीना जौहरी, महानिरीक्षक निबंधन डॉ रुपेश कुमार, अपर महानिरीक्षक निबंधन रवीश गुप्ता लखनऊ से ऑनलाइन, अपर महानिरीक्षक निबंधन पूर्व क्षेत्र शिव कुमार मिश्र, उप महानिरीक्षक निबंधन वाराणसी मंडल हृकेश पांडेय व उप महानिरीक्षक निबंधन, वाराणसी डी0के0सैनी भी उपस्थित रहे।

—इन्हें मिला नियुक्ति पत्र

नियुक्ति पत्र पाने वालों में अनिल कुमार यादव, महिमा मिश्रा,राहुल वर्मा, प्रज्ञा यादव, शिवम द्विवेदी, वरुण सिंह, सुशील कुमार पांडेय, कादंबरी त्रिपाठी, दीप्ति सिंह, मुकेश कुमार, विवेक कुमार, अवंतिका देवी, भीमव्रत प्रताप सिंह, प्रिया, रोहित कुमार, मनीष परिहार, मुकेश चंद्रा, मुकेश त्रिपाठी तथा प्रह्लाद कुमार सरोज है। नियुक्ति पत्र पाने के बाद अभ्यथियों ने नियुक्ति प्रक्रिया की सराहना की और केन्द्र और प्रदेश सरकार का आभार जताया।