ललित मोदी को बड़ा झटका: वानूआतू ने रद्द किया पासपोर्ट, अब कहां जाएंगे?

Former indian premier league cha

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व अध्यक्ष और वित्तीय घोटालों के आरोपी ललित मोदी को एक और बड़ा झटका लगा है। वानूआतू के प्रधानमंत्री ने उनके पासपोर्ट को रद्द करने का आदेश दे दिया है। वहीं, कुछ दिन पहले ही ललित मोदी ने भारतीय पासपोर्ट को भी लंदन में भारतीय दूतावास में सरेंडर कर दिया था। इस फैसले के बाद अब ललित मोदी के सामने एक अजीब स्थिति आ गई है – ना घर के रहे, ना घाट के।

भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के बाद मिली थी वानूआतू की नागरिकता

भारत के विदेश मंत्रालय ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि ललित मोदी ने अपना भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने का आवेदन किया था। 2010 में देश छोड़ने के बाद से ही वह लंदन में रह रहे थे। कई बार इंटरव्यू में उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया और खुद को बेकसूर बताया है।

जस्टिन ट्रूडो की विदाई… राजनीति में अनुभवहीन मार्क कार्नी बनेंगे कनाडा के नए प्रधानमंत्री

हाल ही में यह सामने आया था कि ललित मोदी ने प्रशांत महासागर के द्वीपीय देश वानूआतू की नागरिकता ले ली थी। उन्हें गोल्डन पासपोर्ट मिला था, जिसे वानूआतू धनवान लोगों को नागरिकता देने के बदले जारी करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केवल 1.3 करोड़ रुपये खर्च कर वानूआतू का पासपोर्ट हासिल किया जा सकता है। लेकिन अब वानूआतू के प्रधानमंत्री ने सिटिजनशिप कमीशन को उनका पासपोर्ट रद्द करने का आदेश दिया है।

क्या भारत के दबाव में हुआ फैसला?

इस बात को लेकर अब तक कोई स्पष्टता नहीं है कि वानूआतू सरकार ने यह फैसला खुद लिया है या फिर भारत के दबाव में लिया गया। वानूआतू, जो 1980 में फ्रांस और ब्रिटेन से आजाद हुआ था, एक छोटा द्वीपीय देश है। इसकी कुल आबादी सिर्फ तीन लाख के करीब है और यह पर्यटन के लिए मशहूर है।

वानूआतू की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत की ओर से लगातार दबाव बनाए जाने के बाद प्रशासन ने ललित मोदी पर एक्शन लिया है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि भारत की न्यूजीलैंड में उच्चायुक्त नीता भूषण ने ललित मोदी का पासपोर्ट रद्द करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वानूआतू सरकार को पहले शायद इस बात की जानकारी नहीं थी कि ललित मोदी एक भगोड़ा हैं और भारत में उनके खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप हैं। जैसे ही इस बारे में पता चला, उन्होंने ललित मोदी पर कार्रवाई कर दी।

अब ललित मोदी कहां जाएंगे?

अब सवाल यह है कि ललित मोदी आगे क्या करेंगे?

  • भारत लौटना मुश्किल: भारत में उनके खिलाफ कई केस दर्ज हैं, और यहां लौटने पर उन्हें गिरफ्तारी का सामना करना पड़ सकता है।
  • किसी और देश में शरण? अब उनके पास न भारतीय नागरिकता है, न ही वानूआतू की। ऐसे में उन्हें किसी अन्य देश में शरण लेने की कोशिश करनी पड़ सकती है।
  • ब्रिटेन में रहने का विकल्प? चूंकि वे 2010 से लंदन में रह रहे हैं, हो सकता है कि वे वहां राजनीतिक शरण लेने की कोशिश करें।
News Hub