उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष बोले— हार निश्चित मान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तंग कर रही भाजपा, चुनाव आयोग ले संज्ञान

देहरादून, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने मंगलौर एवं बद्रीनाथ उप चुनाव में भाजपा सरकार की ओर से स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि स्थानीय प्रशासन की ओर से भाजपा सरकार के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ता को थाने बुलाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलौर नगर पालिका परिषद के पठानपुरा से सभासद रहे मोहम्मद को स्थानीय प्रशासन की ओर से भाजपा सरकार के दबाव में 20 वर्ष पुराने मामले में थाने में बुलाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। जबकि इस मामले में अदालत में वे निर्दोष साबित हो चुके हैं। अदालत उन्हें बरी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 के लोकसभा चुनाव तथा 2022 के विधानसभा व 2024 के लोकसभा चुनाव में थाने द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया परन्तु वर्तमान उप चुनाव में भाजपा हार निश्चित मानकर ऐसे मामलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तंग कर रही है। इसका चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए।

पुलिस की इस कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं कांग्रेस कार्यकर्ता
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ता व आम जनता डरने वाले नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने उप चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरूपयोग को रोके जाने तथा लोकतांत्रिक तरीके से निष्पक्ष चुनाव के मद्देनजर ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों पर चुनाव आचार संहिता के नियमों के अनुरूप कार्रवाई के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

चुनावी सभाओं को रोकने का दबाव बना रही भाजपा
उत्तराखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधि मंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिला। मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में मथुरादत्त जोशी ने कहा कि 4-बद्रीनाथ एवं 33-मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों में 10 जुलाई को उप चुनाव होना है। ऐसे में भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर स्थानीय प्रशासन पर कांग्रेस की चुनावी सभाओं को रोकने का दबाव बना रही है। चुनाव के दौरान किसी भी रूप में कांग्रेस उम्मीदवार पर दबाव बनाना उचित नहीं है।

मतदाता को प्रभावित करने के लिए धन व शराब बांटने का आरोप
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने मंगलौर विधानसभा उप चुनाव में धन—बल का प्रयोग कर उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए लोगों का परोक्ष रूप से दखल बढ़ाया है। यही नहीं, बाहरी राज्यों से आए लोगों के माध्यम से मतदाता को प्रभावित करने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में खुलेआम धन व शराब बांटी जा रही है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी के अलावा प्रदेश महामंत्री याकूब सिद्धिकी, प्रवक्ता शीशपाल सिंह, सोशल मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अवधेश पंत, महानगर अध्यक्ष जसविन्दर सिंह गोगी, अनुराग मित्तल आदि थे।