'गुजरात में सैंपल बदल जाता था...': राज्यपाल आनंदीबेन के बयान पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- 'डबल इंजन' बन गया है 'ट्रबल इंजन'

'गुजरात में सैंपल बदल जाता था...': राज्यपाल आनंदीबेन के बयान पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- 'डबल इंजन' बन गया है 'ट्रबल इंजन'

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश और गुजरात की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान दिए गए एक बयान को आधार बनाते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपसी टकराहट और भ्रष्टाचार ने मौजूदा 'डबल इंजन' सरकार को पूरी तरह से 'ट्रबल इंजन' में बदल दिया है, जहां हर तरफ घपलेबाजी का बोलबाला है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के किस बयान पर गरमाई सियासत

यह पूरा विवाद गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से शुरू हुआ, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शिरकत की थी। समारोह के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों और विशेष रूप से हॉस्टलों की व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि यूपी के विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों में नशे का सामान पहुंच रहा है, गंदगी पसरी है और छात्रों को मिलने वाले खाने की गुणवत्ता बेहद खराब है। राज्यपाल ने यह भी बताया कि जब उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया और खाने की क्वालिटी खराब पाई, तो उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलवाया। राज्यपाल ने यह भी तंजिया लहजे में कहा कि "गुजरात में तो सैंपल बदल जाता था, इसलिए मैं खुद लखनऊ जांच के लिए सैंपल साथ ले जा रही हूँ ताकि कोई खेल न हो सके।" इसी बयान के वीडियो को शेयर कर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

अखिलेश यादव का हमला और भाजपा का पलटवार

अखिलेश यादव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि 'गोरखपुर मॉडल' की पोल खोलते-खोले खुद-ब-खुद 'गुजरात मॉडल' की घपलेबाजी की पोल भी खुल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और दोनों ही जगहों पर महा-भ्रष्टाचार फैला हुआ है। अखिलेश के इस हमले के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई भी आक्रामक हो गई। बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक तुलनात्मक पोस्टर साझा किया, जिसमें पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए दंगों और कुशासन का जिक्र किया गया, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार की उपलब्धियों जैसे डिफेंस कॉरिडोर और विकास कार्यों को सामने रखा गया। बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस दौर में कभी माफिया और दंगों की भरमार हुआ करती थी, आज उसी उत्तर प्रदेश में विकास और निवेश की गूंज सुनाई दे रही है।

Latest Posts