श्री मौर्य ने अधिकारीयों को दिये निर्देश-सभी जनपदों में गठित 'त्रिसदस्यीय अपीलिएट कमेटी', अपात्रों की कारण सहित सूची उपलब्ध कराये
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का स्पष्ट संकल्प है कि देश का प्रत्येक पात्र एवं आवासहीन परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके और उसे अपना पक्का आवास प्राप्त हो। इसी संकल्प को साकार करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 4.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के लिए 6,18,482 नए पक्के आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। डबल इंजन की सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक आसराहीन परिवार को पक्की छत देकर उन्हें एक सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा सके।
सभी 75 जनपदों में गठित त्रिसदस्यीय अपीलीय समिति के माध्यम से ऐसे सभी मामलों की पुनः समीक्षा कराई जाए, जिनमें किसी कारणवश पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए हों जिन आवेदकों को अपात्र घोषित किया गया है उनकी कारण सहित सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्रता संबंधी स्थिति पूर्णतः स्पष्ट एवं पारदर्शी बनी रहे।
डबल इंजन सरकार का लक्ष्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण एवं आश्रयहीन परिवार को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन का आधार उपलब्ध कराना है, सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि समाज के प्रत्येक पात्र वर्ग तक योजना का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद परिवार आवास से वंचित न रहे।
इस योजना के अंतर्गत विशेष प्राथमिकता उन परिवारों को दी जा रही है जिनमें रक्षा, अर्धसैनिक बल अथवा पुलिस बल की कार्रवाई में शहीद हुए जवानों की विधवाएँ एवं आश्रित, दिव्यांगजन, अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र परिवार, कुष्ठ रोग अथवा कैंसर से पीड़ित सदस्य वाले परिवार, एचआईवी (पीएलएचआईवी) से प्रभावित परिवार, तथा एकल बालिका वाले परिवार शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य ऐसे संवेदनशील एवं जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।