युवक-युवतियों एवं किसानों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में कौशलयुक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का विशेष जोर : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ में आज केशव प्रसाद मौर्य ने खाद्य प्रसंस्करण विभाग के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के युवक-युवतियों एवं कृषकों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अधिकाधिक प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र रोजगार सृजन, किसानों की आय में वृद्धि तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य के निर्देश कि खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केन्द्रों एवं सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केन्द्रों के माध्यम से युवाओं एवं किसानों को खाद्य प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम समय से पूर्ण कराए जाएं तथा इच्छुक नवयुवकों, नवयुवतियों एवं किसानों तक इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
श्री मौर्य जी ने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक एवं आधुनिक तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराया जाए। प्रशिक्षण अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनी रहे। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं को स्वरोजगार, उद्यम स्थापना एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।