एआई का गंदा खेल: सांसद प्रिया सरोज की फेक फोटो पर बवाल, बीजेपी नेता पर FIR
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब 'डीपफेक' और 'एआई' (AI) ने भी एंट्री मार ली है। जौनपुर जिले की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। आरोप है कि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए उनके मंगेतर और मशहूर क्रिकेटर रिंकू सिंह के साथ एआई की मदद से एक आपत्तिजनक और फर्जी तस्वीर बनाई गई। इस मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब पुलिस ने बीजेपी के एक जिला स्तर के पदाधिकारी समेत दो लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कैसे रची गई छवि बिगाड़ने की साजिश?
बुधवार को सांसद प्रिया सरोज ने जौनपुर के साइबर क्राइम थाने का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश रची गई है। सांसद का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि और एक महिला होने के नाते उन्हें जानबूझकर टारगेट किया जा रहा है। एआई तकनीक का गलत इस्तेमाल करके उनके चरित्र पर सवाल उठाने और सार्वजनिक जीवन में उनकी साख को मिट्टी में मिलाने की कोशिश की गई है।
बीजेपी नेता समेत दो लोगों पर पुलिस का कड़ा एक्शन
इस मामले में जौनपुर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह और एडवोकेट विशाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, इन दोनों पर अपनी आईडी से सांसद और उनके मंगेतर रिंकू सिंह की नकली, एडिटेड और आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर करने का आरोप है। प्रिया सरोज ने अपनी शिकायत के साथ पोस्ट के स्क्रीनशॉट और यूआरएल भी पुलिस को सौंपे हैं। सबूतों के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 12 गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
'भाजपा फिर से नाकाम'- सांसद का कड़ा पलटवार
मुकदमा दर्ज होने के बाद सांसद प्रिया सरोज ने सीधे तौर पर बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा- 'नकली तस्वीर, नाकाम साजिश, भाजपा फिर से नाकाम'। अपने पोस्ट में उन्होंने साफ किया कि जौनपुर में बीजेपी आईटी सेल के प्रभारी और कुछ अन्य लोग एआई जेनरेटेड फेक तस्वीरें फैलाकर एक झूठा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने इसे बीजेपी की राजनीति नहीं, बल्कि उनकी बौखलाहट और डर बताया है।
प्रिया सरोज ने दो टूक शब्दों में कहा कि एक चुनी हुई महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह के घटिया आचरण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए।
फिलहाल जौनपुर पुलिस इस पूरे साइबर क्राइम मामले की गहराई से जांच कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस का शिकंजा कसता देख आरोपी बीजेपी नेता आमोद सिंह ने विवादित पोस्ट को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट कर दिया है।