UPI Payment: फर्जी UPI ऐप्स के जरिए भी हो रही है धोखाधड़ी, जानिए कैसे करें असली-नकली की पहचान

अब हम बिना कैश के भी आसानी से घर से बाहर निकल जाते हैं, क्योंकि पेमेंट के लिए हम पूरी तरह से अपने स्मार्टफोन पर निर्भर हैं। जी हां, ऑनलाइन पेमेंट के लिए UPI का क्रेज बढ़ता जा रहा है। ऐसे में एक तरफ जहां UPI ने पेमेंट को आसान बना दिया है। वहीं, अब UPI ऐप को लेकर धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ रहे हैं।

जी हां, UPI को लेकर मार्केट में एक नया फ्रॉड (UPI App Fraud) सामने आया है। अब ठग फर्जी UPI ऐप के जरिए पेमेंट कर रहे हैं। इसमें उनके फोन में पेमेंट सक्सेसफुल दिखाता है लेकिन पेमेंट आपके अकाउंट में नहीं आता। हम आपको फर्जी UPI पेमेंट फ्रॉड के बारे में बताएंगे।

फर्जी UPI ऐप के जरिए हो रही है धोखाधड़ी

ठग UPI आधारित ऐप जैसे GPay, PhonePe और Paytm आदि के फर्जी ऐप के जरिए ठगी करते हैं। ये फर्जी UPI ऐप बिल्कुल असली ऐप जैसे दिखते हैं। ये फर्जी UPI ऐप छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और मजदूरों को ठगने के लिए बनाए गए हैं। फर्जी UPI ऐप के जरिए किस तरह से ठगी हो रही है, इसका जवाब आप एक उदाहरण के जरिए समझ सकते हैं।

ठग फर्जी UPI ऐप के जरिए QR कोड स्कैन करते हैं और फिर पेमेंट करने के बाद फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाते हैं। इस ऐप में पेमेंट करने के बाद साउंड नोटिफिकेशन भी आता है जो बिल्कुल असली ऐप जैसा ही लगता है। ऐसे में दुकानदारों या लोगों को लगता है कि साउंड और स्क्रीनशॉट से पेमेंट हो गया है और वे इस तरह से ठगी के जाल में फंस जाते हैं।

बताया जा रहा है कि टेलीग्राम पर फर्जी यूपीआई लिंक शेयर किए जा रहे हैं। इन लिंक के जरिए लोग फर्जी यूपीआई ऐप इंस्टॉल कर पेमेंट कर रहे हैं।

अब सवाल यह है कि इस धोखाधड़ी से कैसे बचें? कैसे पता चलेगा कि पेमेंट असली ऐप से किया गया है या नकली UPI ऐप से?

असली और नकली भुगतान की पहचान कैसे करें?

आपको पहले खुद ही पेमेंट वेरीफाई कर लेना चाहिए। अपने UPI ऐप या बैंक स्टेटमेंट से चेक करें कि पेमेंट आया है या नहीं।

यदि आपको किसी भुगतान के बारे में कोई संदेह है, तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए और भुगतान की स्वयं जांच करनी चाहिए।

अगर आप गलती से साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा आप भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल ([cybercrime.gov.in](https://cybercrime.gov.in) पर भी शिकायत कर सकते हैं।

बचके रहना रे बाबा

फर्जी UPI ऐप के जरिए धोखाधड़ी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सावधान रहना बेहद जरूरी है। अगर थोड़ी सी भी लापरवाही हुई तो आपके साथ भी धोखाधड़ी हो सकती है। आपको हमेशा UPI पेमेंट वेरिफाई करते रहना चाहिए ताकि आप धोखाधड़ी का शिकार न हों।