यूपीईएस ने महिला उद्यमियों संग मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 50 लाख के कोष की घोषणा

देहरादून, 08 मार्च (हि.स.)। नारीत्व की भावना का जश्न मनाते हुए यूपीईएस ने शुक्रवार को महिला उद्यमियों की ओर से स्थापित स्टार्टअप का समर्थन करने के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रनवे कार्यक्रम के लिए 50 लाख के कोष की घोषणा की। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने पीएचडी कर रही 50 महिला स्कॉलर्स को भी अपना समर्थन देने का वादा किया।

यूपीईएस में उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उनके रिसर्च प्रयासों को सुविधाजनक बनाने के लिए उन्हें फेलोशिप की पेशकश की। विश्वविद्यालय ने विशेष रूप से महिला सहायक कर्मचारियों के लिए व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के प्रति अपने कमिटमेंट को पूरा करते हुए डिजाइन किए गए दो लाख के बीमा कवर की भी घोषणा की।

ये घोषणाएं म्यूजिकल वीडियो के लांच इवेंट में की गईं। प्रतिष्ठित बॉलीवुड गायक दलेर मेहंदी द्वारा गाया गया यह गीत महिला सशक्तिकरण की एक कलात्मक और संगीतमय अभिव्यक्ति है जो भारत की आधुनिक महिलाओं की ताकत और धैर्य का जश्न मनाता है। संगीत निशांत रामटेके ने तैयार किया है और गाने के बोल यूपीईएस की प्रायोजक सोसायटी एचईआरएस के अध्यक्ष डॉ. शरद मेहरा ने लिखे हैं। यूपीईएस ने महिला बाइक रैली के साथ समारोह की शुरुआत की, जिसे प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता पुष्कर धामी ने देहरादून कैंट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

महिला बाइकर्स के नेतृत्व में रैली ने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं की ताकत, लचीलापन और क्षमताओं का प्रदर्शन किया और ये रैली यूपीईएस के बिधौली परिसर में समाप्त हुई। इस मेगा इवेंट में विश्वविद्यालय के 200 छात्रों के साथ-साथ 300 कर्मचारी और फैकल्टी मेंबर्स शामिल हुए, जो महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए एक समावेशी वातावरण को बढ़ावा देने के लिए यूपीईएस की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

यूपीईएस के कुलपति डॉ. राम के शर्मा ने कहा कि हम एक ऐसे माहौल को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं जहां महिलाएं आगे बढ़ें और अपने सभी प्रयासों में सफल हों। महिलाओं के समर्थन और उत्थान के लिए चल रहे प्रयासों में हम उनकी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और व्यक्तिगत विकास के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

समावेशी और सशक्त समाज की दिशा में कर रहे काम-

महिला दिवस कार्यक्रम और महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप के लिए 50 लाख के कोष जैसी पहलों के माध्यम से हम समावेशी और सशक्त समाज की दिशा में काम कर रहे हैं। म्यूजिक वीडियो में महिलाओं द्वारा निभाई गई विभिन्न प्रेरक भूमिकाओं को खूबसूरती से चित्रित करते हुए नारीत्व के सार और सच्ची भावना को पूरी तरह से दर्शाया गया है। वीडियो यूट्यूब, इंटाग्राम, एप्पल म्यूजिक पर उपलब्ध है।