उलगुलान न्याय महारैली ‘ देश और राज्य के लिए ऐतिहासिक होगी : सुप्रीयो भट्टाचार्य

रांची, 19 अप्रैल (हि. स.)। रांची के प्रभात तारा मैदान में 21 अप्रैल को झामुमो के नेतृत्व में इंडी गठबंधन की उलगुलान न्याय महारैली का आयोजन होना है। इसको लेकर इंडी गठबंधन में शामिल झामुमो, राजद, आप पार्टी की एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन शुक्रवार को हरमू स्थित झामुमो के पार्टी कार्यालय में हुई।

मौके पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि उलगुलान न्याय महारैली ‘ देश और राज्य के लिए ऐतिहासिक होगी। इस प्रभात मैदान को हमलोगों ने इसलिए चुना है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग कार्यक्रम में इसी प्रभात तारा मैदान में आए थे। अब इसी मैदान से केंद्र सरकार को उखाड़ने का शंखनाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महारैली में शामिल होने के लिए लोग सुबह से ही दूर-दूर से पैदल चल कर आयेंगे। यहीं नहीं दो साल से वेतन से वंचित चल रहे एचईसी कर्मी और मजदूर भी रैली में शामिल होंगे। फल, सब्जी बेचने वाले भी आयेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिये भाजपा को भारी नुकसान होने वाला है। सुप्रियो ने कहा कि प्रधानमंत्री डर गए हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा कि उलगुलान रैली को लेकर सभी जिला अध्यक्ष और प्रखंड अध्यक्ष को जिम्मेदारी दे दी गई है। इस रैली से भाजपा की केंद्र सरकार को उखाड़ने का उलगुलान होगा।