यूजीसी ने महिला वैज्ञानिकों और संकाय सदस्यों के लिए लॉन्च किया ‘शेरनी’ नेटवर्क, जानिए क्या होंगे इसके फायदे

नई दिल्ली: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी द्वारा शी रिसर्च नेटवर्क इन इंडिया (SheRNI) लॉन्च किया गया है। यह नेटवर्क यूजीसी-इनफ्लिबनेट द्वारा लॉन्च किया गया है। इसे शुरू करने का मुख्य उद्देश्य महिला संकाय सदस्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञता तैयार करना है। यह विभिन्न क्षेत्रों के अन्य वैज्ञानिकों और संकाय सदस्यों को जोड़ेगा ताकि वे अपने काम और अनुसंधान के अनुभवों का आदान-प्रदान कर सकें।

क्या होगा फायदा?

यह नेटवर्क 81,818 पंजीकृत महिला वैज्ञानिकों और अन्य क्षेत्रों के अकादमिक सदस्यों को जोड़ेगा। इसके अलावा, इस नेटवर्क में 6,75,313 प्रकाशन और 11,543 पेटेंट भी शामिल होंगे जिन्हें इस नेटवर्क से प्राप्त किया जा सकता है। इससे आप उनसे जुड़कर नई चीजें सीख सकेंगे और दूसरे वैज्ञानिकों से बात करके अधिक जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। इस प्लेटफॉर्म की वेबसाइट sherni.inflibnet.ac.in है।

यूजीसी चेयरमैन ने यह बयान दिया है

इस पोर्टल को लॉन्च करते हुए यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर ममिदला जगदेश कुमार ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि संगठन महिला वैज्ञानिकों और शिक्षकों की उपलब्धियों के लिए समान प्रतिनिधित्व और प्रदर्शन सुनिश्चित करना चाहता है। नेटवर्क क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को और बढ़ाने के लिए अगली पीढ़ी की महिला वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और संकाय को प्रेरित करने के लिए काम करेगा।