यूपी में कांग्रेस का गढ़ बचाने में लगे दो पूर्व मुख्यमंत्री

लखनऊ, 06 मई (हि.स.)। अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट को जीतने के लिए कांग्रेस पार्टी ने दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अमेठी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रायबरेली लोकसभा का पर्यवेक्षक बनाया है।

रायबरेली व अमेठी गांधी परिवार की परम्परागत सीट रही है। इसलिए कांग्रेस इन दो लोकसभाओं पर हर हाल में जीत सुनिश्चित करना चाहती है। इसलिए पार्टी के बड़े नेताओं को जिम्मेदारी दी है। अमेठी से गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी हैं, जो केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से स्मृति ईरानी पिछले चुनाव में राहुल गांधी को हरा चुकी हैं, वहीं रायबरेली से कांग्रेस ने राहुल गांधी को मैदान में उतारा है। राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा ने प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया है। दिनेश प्रताप सिंह 2019 में रायबरेली से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा है कि भूपेश बघेल और अशोक गहलोत के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी दोनों ही सीटों पर रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल करेगी।