रांची में दो दिवसीय चुनाव का पर्व-कला महोत्सव का आयोजन

रांची, 1 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन और चुनाव आयोग ने शुक्रवार को रांची में इलेक्शन फेस्ट का आयोजन किया। स्वीप के तहत दो दिवसीय चुनाव का पर्व-कला महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को मताधिकार के बारे में बताया जा रहा है और मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में मतदान के चिंताजनक आंकड़े को देखते हुए शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को वोट का महत्व बताया जा रहा है और मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

दो दिवसीय इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के बच्चों को भी शामिल किया गया है। बच्चे पेंटिंग के माध्यम से लोगों को वोट के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही रंगोली प्रतियोगिता और क्विज का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व चुनाव आने वाला है। झारखंड में भी चुनाव को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। झारखंड में करीब ढाई करोड़ लोग अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। सभी लोगों को चुनाव से संबंधित जानकारियां दी जा रही हैं और जितने भी नए वोटर बने हैं उन्हें पहली बार वोट देने के लिए प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।