मानिकतला से तृणमूल उम्मीदवार सुप्ती पांडे‌ जीतीं, कल्याण चौबे की हार

2aeb3be33cf7446e921d68df9710f63a

कोलकाता, 13 जुलाई (हि.स.)। उपचुनाव में भी भाजपा की भारी हार हुई है। कल्याण चौबे को परास्त कर मानिकतला के साधन पांडे की पत्नी, सुप्ती पांडे जीत गई हैं। वह 60 हजार से अधिक मतों के अंतर से विजयी हुईं।

फरवरी 2022 में मानिकतला के लंबे समय से विधायक साधन पांडे का निधन हो गया था। उनके जीवित रहते हुए ही 2021 के विधानसभा चुनाव में मानिकतला में मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए भाजपा उम्मीदवार कल्याण चौबे ने मामला दर्ज किया था। उस मामले के कारण साधन पांडे के निधन के बाद भी लंबे समय तक उपचुनाव नहीं हुआ। आखिरकार 10 जुलाई को उपचुनाव हुआ। शनिवार को मतगणना थी। शुरुआत से ही साधन पांडे की पत्नी सुप्ती पांडे आगे थीं। सुबह के साढ़े दस बजे के आसपास परिणाम लगभग स्पष्ट हो गया। छठे चरण की गिनती के बाद सुप्ती 20 हजार से अधिक मतों से आगे थीं। मतगणना समाप्त होने पर देखा गया कि इस बार भी मानिकतला तृणमूल के पास ही है। जीत का अंतर 60 हजार से अधिक है।

सुबह से ही मतगणना केंद्र पर दोनों दलों के उम्मीदवार देखे गए। तृणमूल के आगे बढ़ते ही कल्याण चौबे ने आरोप लगाया कि तृणमूल के पक्ष में यदि 55 प्रतिशत वोट पड़े हैं, तो 50 प्रतिशत ही रिगिंग है। दूसरी ओर, सुप्ती पांडे अपनी जीत के बारे में सौ प्रतिशत आश्वस्त थीं। उन्होंने कहा कि यदि कोई रिगिंग का आरोप लगाता है, तो क्या करें। फिर भी तृणमूल ही विजयी होगी। जीत के‌ बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया है।