पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
दिल्ली में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में आज भी बारिश की संभावना है। दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में बुधवार अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था।
यहां बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 27 फरवरी से 3 मार्च तक उत्तर प्रदेश में बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। राज्य में 28 फरवरी और एक मार्च को बारिश जारी रहने की संभावना है, जिसके बाद दो और तीन मार्च को मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
बिहार में भी तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में बारिश की स्थिति यथावत बनी हुई है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और मार्च की शुरुआत में हल्की बारिश हो सकती है।
गुजरात में मौसम कैसा है?
गुजरात के तटीय इलाकों में बढ़ती गर्मी और उमस के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में वहां तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में भी लू की स्थिति बन रही है और मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में लू की चेतावनी दी है। ओडिशा में भी तापमान बढ़ रहा है और मार्च में गर्मी और बढ़ सकती है।
बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है और मौसम विभाग ने 27 और 28 फरवरी को राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को भारी बर्फबारी के कारण अटल सुरंग और दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात स्थगित रहा। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। कश्मीर और जम्मू के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है और मौसम विभाग ने 28 फरवरी तक कश्मीर में भारी बर्फबारी या बारिश का अनुमान जताया है।