आज फिर से विधानसभा के चुनाव की स्थिति बनी है तो उसके सुक्खू ज़िम्मेदार : जय राम ठाकुर

हमीरपुर, 10 मई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के विधान सभा उपचुनाव प्रत्याशी राजिंदर राणा के नामांकन में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुर्सी पाते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सत्ता के नशे में चूर हो गये। उन्होंने आम हिमाचली के हितों को दरकिनार कर दिया। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया। जिसका नतीजा आज आप सभी के सामने है। कांग्रेस के छः विधायकों को आज अपनी विधायक़ी गंवानी पड़ी। उनकी तानाशाही का नतीजा है कि आज प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। बजट सत्र में सरकार बचाने के लिए भाजपा के 15 विधायकों को निष्कासित करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जो कर ले लेकिन अब वह कुछ दिनों की मेहमान है। आने वाले समय में केंद्र और हिमाचल में भाजपा की सरकार होगी, जो विकास को गति दे, जो संस्थाओं को बंद करने के बजाय नए संस्थान खोले, पुराने संस्थानों को और सुदृढ़ करे। जिससे हिमाचल के लोगों की दुश्वारियां कम हों।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राजिंदर राणा को आप सभी के लिए अपनी विधायकी गंवानी पड़ी। आपके कामों को लेकर जब राजिंदर राणा मुख्यमंत्री के पास गये तो उनकी दरखास्त को कूड़ेदान में फेंक दिया जाता रहा। चुने हुए प्रतिनिधियों का अपमान ऐसे लोगों द्वारा भी किया गया जो पार्षदी का चुनाव भी नहीं जीत सकते हैं। सुजानपुर के लोगों के लिए आवाज़ उठाने के कारण आपके विधायक को ज़लालत झेलनी पड़ी। आप लोगों के मान-सम्मान के लिए राणा ने लड़ने का फ़ैसला किया। आप लोगों की आवाज़ को मुख्यमंत्री और आलाकमान तक पहुचानें का फ़ैसला किया। जिसकी क़ीमत उन्हें अपनी विधायकी गवां कर चुकानी पड़ी। आज वह आप लोगों के सामने हैं। अब उनके मान सम्मान का ध्यान रखते हुए आप सभी को ऐतिहासिक बढ़त के साथ फिर से विधानसभा भेज कर तानाशाही को जवाब देना हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री के गृह ज़िले के तीन विधायक उसकी कारगुज़ारियों से त्रस्त होकर अपनी विधायकी दांव पर लगा दें, उसके बारे में लोग आसानी से समझ सकते हैं। प्रदेश के उपचुनाव के लिए सिर्फ़ मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।

इस मौक़े पर हमीरपुर लोक सभा क्षेत्र प्रत्याशी अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश जम्वाल, सुजानपुर प्रत्याशी रजिंदर राणा, हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा समेत, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।