रचनाकार कोलकाता का इस वर्ष का शीर्षस्थ प्रज्ञा पुरस्कार बीकानेर के भंवर पृथ्वीराज रतनू को

बीकानेर, 29 जून (हि.स.)। देश की साहित्यिक राजधानी कोलकाता की रचनाकार इस वर्ष के शीर्षस्थ प्रज्ञा पुरस्कार से राजस्थान के वरिष्ठ साहित्यकार डिंगल के पुरोधा कवि, राजस्थानी लोक संस्कृति के मर्मज्ञ वयोवृद्ध साहित्यकार भंवर पृथ्वीराज रतनू दासोङी (बीकानेर) को नवाजेगी।

रचनाकार के संस्थापक प्रसिद्ध विद्वान, राजस्थान मूल (थोई सीकर) के कोलकाता निवासी प्रवासी उद्योगपति, समाजसेवी, साहित्यकार सुरेश चौधरी (अग्रवाल) ने बताया कि रचनाकार के दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन में महानगर कोलकाता के भारतीय भाषा परिषद सभागार में यह सम्मान दिया जायेगा। सम्मान स्वरूप 51000 इक्यावन हजार राशि, अभिनंदन पत्र, श्रीफल, शाॅल, हार एवं मोंमेंटो देकर यह सम्मान अर्पण किया जायेगा। इस भव्य एवं गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल होंगे और विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीनारायण भाला, पंडित सुरेश नीरव, विश्वंभर नेवर, डाॅ.सोमा बंदोपाध्याय, हिंगलाज दान रतनू , इंदुझुनझुनवाला होंगे। इस अवसर पर राज्यपाल पश्चिम बंगाल की पुस्तक “अष्ट भारती ” का लोकार्पण किया जायेगा।

सुरेश चौधरी, रचनाकार की कार्यकारी अध्यक्ष रचना सरन, रचनाकार की उप सभापति डाॅ.विद्या भंडारी एवं रचनाकार के प्रचार मंत्री रावेल पुष्प ने संयुक्त रूप से बताया कि रचनाकार इस वर्ष इस सात पुरस्कार प्रदान कर रही है। यह पुरस्कार सम्मान अर्पण समारोह 21 जुलाई को भारतीय भाषा परिषद सभागार में प्रातः 10 बजे होगा।