ये चुनाव नहीं धर्म और अधर्म के बीच संग्राम है: ज्योतिरादित्य सिंधिया

गुना, 5 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम कर रहा है। यह आपका बूथ नहीं क़िला है और आप बूथ के कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि सेनापति हैं। चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को विश्व गुरु बनने के संकल्प को सिद्धि की ओर ले जाने के लिए मोदी को विजयी बनाना है। कांग्रेस ने पिछले पैंसठ साल में रोटी, कपड़ा और मकान का नारा दिया पर किसी के उत्थान के लिए कोई काम नहीं किया। कांग्रेस ने जहां पैंसठ सालों में तीन करोड़ आवास भी नहीं बनाए वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस साल में ही चार करोड़ गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराये हैं। यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो कहती है वह करके दिखाती है।

यह बात केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को गुना के बमौरी विधानसभा के उमरी एवं बमौरी में बूथ समिति के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने विभिन्न बैठकों को भी संबोधित किया। सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस जातिवाद की राजनीति करती है। कांग्रेस ने हमेशा देश को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि उनके लिए सिर्फ़ चार जाति हैं- किसान, युवा, गरीब व महिला और इन सभी का उत्थान करने का उनका संकल्प है।

सिंधिया ने बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि मैंने कांग्रेस सरकार गिराकर ठीक किया या नहीं तो उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा “बहुत अच्छा किया”। उन्होंने कहा कि अगर मैं सरकार नहीं गिराता तो लाड़ली बहनों के पैसे, किसान निधि के पैसे, आवास के पैसे छोटा भाई, मोटा भाई (दिग्विजय सिंह एवं कमलनाथ) के जेबों में चले जाते। आज भाजपा की डबल इंजन की सरकार देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। सरकार हर क्षेत्र के विकास का संकल्प लेकर काम कर रही है। यह लोकसभा का चुनाव भारत को विश्व गुरू बनाने का चुनाव है। इसलिए एक-एक कार्यकर्ता आज से ही हर बूथ पर 370 नए मतदाताओं को जोड़ने का संकल्प लेकर जुट जाएं। आपके प्रयासों से पार्टी के 400 सीटें जीतने का संकल्प अवश्य साकार होगा।

सिंधिया परिवार आपकी सेवा के लिए हमेशा तत्पर

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि इस समूचे क्षेत्र से सिंधिया परिवार का पीढ़ियों से रिश्ता रहा है। पहले मेरी दादी मां, फिर मेरे पूज्य पिताजी और अब मैं आप सभी की सेवा में तत्पर हूं। आपके विश्वास को मैं टूटने नहीं दूंगा। आने वाले चुनाव में अबकी बार 400 पार के संकल्प को पूरा करना है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, वेदप्रकाश शर्मा, मोना सुस्तानी, हरिसिंह यादव, गजेंद्र सिंह सिकरवार, मनोज दुबे, बिट्ठल दास मीना, सुमेर सिंह गढ़ा, संतोष धाकड़, महेंद्र किरार, हरि सिंह यादव, रिंकू धाकड़, मोहन बारेला, जिला मीडिया प्रभारी विकास जैन उपस्थित रहे।