गर्मियोंके मौसम में लोग अक्सर तेज धूप और प्यास से राहत पाने के लिए गन्ने का रस पीना पसंद करते हैं। गन्ने का रस ठंडी तासीर वाला और पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जिसमें कैल्शियम, कॉपर, मैग्नीशियम, मैंगनीज, आयरन और पोटेशियम जैसे खनिज, साथ ही विटामिन A, B1, B2, B3 और C भी होते हैं, जो सेहत के लिए लाभकारी होते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि कुछ लोगों के लिए गन्ने का रस सेहत से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है? कई शोधों के अनुसार, गन्ने में पाए जाने वाला पोलीकोसैनॉल रसायन लंबे समय तक सेवन करने पर अनिद्रा, पेट की खराबी, चक्कर आना, सिरदर्द और मोटापे का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं किन लोगों को गन्ने के रस का सेवन नहीं करना चाहिए।
इन लोगों को नहीं पीना चाहिए गन्ने का रस:
1. मोटापा
गन्ने के रस में कैलोरी और शर्करा की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह मोटापे का कारण बन सकता है। शोधों के अनुसार, गन्ने के रस में लगभग 270 कैलोरी और 100 ग्राम चीनी होती है। इसके नियमित सेवन से वजन बढ़ सकता है।
2. डायबिटीज
डायबिटीज के रोगियों को गन्ने का रस नहीं पीना चाहिए, क्योंकि इसमें प्राकृतिक शर्करा अधिक होती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है।
3. कोलेस्ट्रॉल
अगर आपका कोलेस्ट्रॉल पहले से ही बढ़ा हुआ है, तो गन्ने के रस का सेवन करने से बचें। इसके अधिक सेवन से बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ सकता है, जो शरीर के लिए हानिकारक होता है। ज्यादा चीनी का सेवन लीवर में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है, जिससे अच्छा कोलेस्ट्रॉल (HDL) कम हो सकता है।
4. अनिद्रा की समस्या
यदि आपको स्ट्रेस या अनिद्रा की समस्या है, तो गन्ने के रस का अधिक सेवन न करें। गन्ने में मौजूद पोलीकोसैनॉल नींद में खलल डाल सकता है, जिससे अनिद्रा की समस्या बढ़ सकती है।
5. दांतों में कैविटी
गन्ने का रस अत्यधिक मात्रा में पीने से दांतों में कैविटी हो सकती है। गन्ने की मिठास दांतों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है।