आज के समय में अरेंज मैरिज करना लड़के और लड़कियों दोनों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। एक अजनबी के साथ पूरी जिंदगी बिताने का निर्णय आसान नहीं होता। ऐसे में, रिलेशनशिप कोच सुरभि गांधी ने इंस्टाग्राम पर कुछ ज़रूरी सवालों की लिस्ट शेयर की है, जिन्हें अरेंज मैरिज के दौरान होने वाले पार्टनर से जरूर पूछना चाहिए। ये सवाल न सिर्फ सामने वाले की पर्सनैलिटी और मानसिकता को समझने में मदद करेंगे, बल्कि यह भी बताएंगे कि वह आपके लिए सही जीवनसाथी हो सकता है या नहीं।
1. आपके माता-पिता की शादी में आपको क्या पसंद और नापसंद है?
इस सवाल से आपको सामने वाले की पारिवारिक पृष्ठभूमि और परवरिश का अंदाजा लगेगा। अगर किसी का बचपन कठिनाइयों से भरा रहा है या परिवार में रिश्ते मजबूत नहीं रहे हैं, तो वह शादी को किस नजरिए से देखता है, यह पता चलेगा।
2. शादी के बाद हम जिम्मेदारियां कैसे बांटेंगे?
यह सवाल भविष्य की स्पष्टता के लिए बेहद जरूरी है। इससे आप जान पाएंगे कि सामने वाला शादी को लेकर कितना गंभीर है और परिवार और रिश्ते की जिम्मेदारियों को कैसे निभाना चाहता है।
3. आप शादी क्यों करना चाहते हैं?
यह सबसे अहम सवाल है। इससे आप समझ सकते हैं कि सामने वाला व्यक्ति सिर्फ सामाजिक दबाव या स्टेटस के लिए शादी कर रहा है या सच में एक जीवनसाथी की तलाश में है।
4. अगर घर में किसी से मतभेद हो जाए तो आप उसे कैसे संभालते हैं?
हर रिश्ते में मतभेद होते हैं, लेकिन उन्हें सुलझाने का तरीका शादीशुदा जीवन की गुणवत्ता और स्थिरता को प्रभावित कर सकता है। इस सवाल से आप सामने वाले की संवाद शैली और समस्या हल करने की क्षमता को समझ सकते हैं।
5. आप किस तरह के लोगों के साथ कनेक्शन महसूस करते हैं?
यह सवाल सामने वाले की पर्सनैलिटी, इमोशनल कनेक्शन और रिलेशनशिप पैटर्न को समझने में मदद करेगा। अगर किसी के बहुत कम दोस्त हैं या रिश्तों में इमोशनल कनेक्शन नहीं बनता, तो इससे उसके स्वभाव के बारे में अनुमान लगाया जा सकता है।