झारखंड चुनाव में भाजपा के लिए 2029 तक नहीं है कोई वैकेंसी : योगेंद्र प्रसाद

9ceaebb1b49e1d912b9382be55ebb2ba

रामगढ़, 19 सितंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता और पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद गुरुवार को रामगढ़ पहुंचे तो पूरे तेवर में दिखे। एक तरफ जहां उन्होंने जनता के सवालों पर अधिकारियों से जवाब मांगा। वही उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने राज्य में काफी काम किया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि झारखंड चुनाव में भाजपा के लिए कोई वैकेंसी नहीं है।

2024 का चुनाव हो या 2019 का चुनाव, यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा की ही जीत होगी। उन्होंने गठबंधन की सरकार पर भी काफी बेबाकी से तथ्यों को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस बड़े भाई की भूमिका में था और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने छोटे भाई की भूमिका निभाई थी। अब विधानसभा चुनाव है। यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और कांग्रेस छोटे भाई की भूमिका में नजर आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर गठबंधन के सभी दलों ने अपनी सहमति भी जाता दी है। झारखंड विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए पूरी रणनीति बनी है। भाजपा कहीं भी नहीं टिकने वाली। आम जनता का भरोसा हेमंत सोरेन की सरकार पर है और लोकतंत्र में जनता का भरोसा जीतना बहुत बड़ी बात है।