पलवल में मौसम हुआ सुहावना, मानसून की पहली बरसात से गर्मी में मिली राहत

पलवल, 4 जुलाई (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद आखिर मानसून ने दस्तक दे दी है। भीषण गर्मी का दंश झेल रहे लोगों को मानसून की पहली झमाझम बारिश से बड़ी राहत मिली। इससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। बारिश से शहर के नाले-नालियां व सड़कें जलमग्न हो गई। निचली बस्तियों व चौराहों पर पानी भर गया। अब धान रोपाई का कार्य तेज होगा। बीते कई दिन से भीषण गर्मी पड़ रही थी। गर्मी से लोग परेशान थे और बारिश का इंतजार कर रहे थे। बिना बारिश के फसलें सूख रही थीं।

बढ़ती गर्मी के बीच आखिर गुरुवार को पलवलवासियों ने राहत की सांस मिली है। सुबह तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई। मौसम के सुहावने होने से लोगों के चेहरे खिल गए हैं। साथ ही किसानों की बात की जाए तो किसानों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि बारिश से उनकी फसल में नमी आएगी और पैदावार अच्छी होगी। इस वर्ष की पहली बारिश बुधवार शाम को हुई थी। हालांकि यह कुछ देर की रही, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हल्की बारिश के बाद मौसम ठंडा तो हो गया, लेकिन उमस के कारण लोग घरों में बिना एसी के नहीं बैठ पाए। इससे जहां मौसम ठंडा हो गया है,वहीं गरमी से राहत मिलने के चलते लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। पलवल बारिश के मामले में पिछड़ा हुआ था। लोग गर्मी से बेहाल हो रहे थे। लेकिन बुधवार देर शाम और इसके बाद गुरुवार सुबह हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। पलवल निवासी सरोज ने बताया कि तपती गर्मी से राहत बारिश होने से मिली हैं। कल शाम से मौसम ने करवट लेने से आज राहत की सांस ली हैं।