भाजपा सरकार में जनता के लिए किये गये अद्भुत कार्य, योजनाओं का मिल रहा लाभ : महापौर

कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। सबका साथ व सबका विकास और सबका विश्वास के साथ सबका प्रयास नीति के तहत केन्द्र और भाजपा सरकार कार्य कर रही है। इसको लेकर तमाम प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है और पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है। यही नहीं, भाजपा सरकार में एक से बढ़कर एक जनता के लिए अद्भुत कार्य किये गये।

यह बातें मंगलवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय ने सरकार की उपलब्धियों को लेकर कही। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने कहा कि जिस प्रकार मोदी सरकार कार्य कर रही है उससे विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा।

केन्द्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों, निर्णयों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित ‘सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास-सबका प्रयास’ विषयक तीन दिवसीय प्रदर्शनी मोतीझील नगर निगम में लगाई गई।

प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए महापौर प्रमिला पाण्डेय ने कहा कि प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत एवं उत्तर प्रदेश की झलकियों को प्रस्तुत किया गया एवं महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं गरीबों के लिए किए गए कार्यों को विशेषकर दर्शाया गया है। सूचना विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी बहुत सराहनीय है। इस प्रदर्शनी में हर तरह के कार्यो को दर्शाया गया है। सरकार द्वारा बहुत सी योजनाओं का संचालन किया जाता है। किंतु जनता द्वारा सीधे इन योजनाओं का लाभ पहुंच पाना मुश्किल होता है उसी को लेकर यह प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें कि सरकार द्वारा चलाई गई सभी योजनाओं के बारे में दर्शाया गया है एवं किस तरह से जनता उन योजनाओं से लाभान्वित हो सके, इसके बारे में भी बताया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के द्वारा वर्तमान सरकार के विगत 10 वर्षों में किए गए कार्य को दर्शाया गया है।

उन्होंने कहा कि विगत एक दशक में देश में तेजी के साथ विकास हुआ है एवं हर क्षेत्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मील के पत्थर की उपलब्धि हासिल की गई है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने बेमिसाल कार्य किए हैं। प्रदर्शनी में ऐसे समस्त चित्रांकन किए गए हैं, जिससे नए भारत का नया उत्तर प्रदेश प्रगति की ओर अग्रसर है।