The Kerala Story 2 Box Office : द केरल स्टोरी 2 ने शनिवार को उड़ाया गर्दा दूसरे दिन की कमाई देख फटी रह गईं आंखें
News India Live, Digital Desk : विवादों के साये में रिलीज हुई फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' (The Kerala Story 2: Goes Beyond) ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। शुक्रवार को धीमी शुरुआत के बाद शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में ऐसी लंबी छलांग देखने को मिली है, जिसकी उम्मीद ट्रेड एनालिस्ट भी नहीं कर रहे थे। फिल्म को लेकर मचे बवाल और कोर्ट के चक्करों के बावजूद दर्शकों की भीड़ सिनेमाघरों तक पहुंच रही है।
दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 520% का जबरदस्त उछाल
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर 'सैकनिल्क' (Sacnilk) के आंकड़ों के मुताबिक, 'द केरल स्टोरी 2' ने शनिवार को अपने कलेक्शन में 520% की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की है। जहां शुक्रवार को फिल्म ने कोर्ट के आदेशों और देरी के कारण महज 75 लाख रुपये का बिजनेस किया था, वहीं शनिवार को इसने करीब 4.65 करोड़ रुपये कूट डाले हैं।
दो दिनों का कुल कलेक्शन और ऑक्यूपेंसी
फिल्म का दो दिनों का कुल घरेलू कलेक्शन अब 5.40 करोड़ रुपये हो गया है। शनिवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी में भी भारी सुधार देखा गया:
मॉर्निंग शोज: 6.45%
आफ्टरनून शोज: 11.88%
नाइट शोज: 19.05% (सबसे ज्यादा भीड़) दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े शहरों में फिल्म के सबसे ज्यादा शोज चल रहे हैं, जहां दर्शकों का रिस्पॉन्स काफी पॉजिटिव नजर आ रहा है।
कोर्ट की हरी झंडी और विवाद का फायदा?
फिल्म की रिलीज से ठीक पहले केरल हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने इस पर 15 दिनों की रोक लगा दी थी, लेकिन शुक्रवार को डबल बेंच ने इस आदेश पर स्टे देते हुए फिल्म को रिलीज की मंजूरी दी। हालांकि, इस कानूनी लड़ाई के कारण शुक्रवार को फिल्म के शोज शाम के वक्त ही शुरू हो सके। जानकारों का मानना है कि विवादों ने फिल्म के लिए 'वर्ड ऑफ माउथ' का काम किया है, जिसका असर शनिवार की कमाई में साफ दिख रहा है।
क्या है फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट?
'द केरल स्टोरी 2' का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है और इसके निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 2023 की ब्लॉकबस्टर 'द केरल स्टोरी' का सीक्वल है, जो धर्म परिवर्तन और जटिल सामाजिक मुद्दों पर आधारित है। हालांकि बजट के लिहाज से फिल्म ने अपनी लागत का एक हिस्सा रिकवर कर लिया है, लेकिन देखना होगा कि क्या यह पहले पार्ट (300 करोड़+) जैसा करिश्मा दोहरा पाएगी।