युवा राष्ट्र का भविष्य, नई चुनौतियों के सामना के लिए रहें तैयार : करन माहरा

देहरादून, 09 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि युवा शब्द ही मन में उड़ान और उमंग पैदा करता है। उम्र का यही वह दौर है, जब न केवल उस युवा के बल्कि उसके राष्ट्र का भविष्य तय किया जा सकता है।

शनिवार को डीएवी (पीजी) कॉलेज छात्र संघ सप्ताह में बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने यह बातें कही। निसंदेह युवाओं में असीमित क्षमता होती है। आज के भारत को युवा भारत कहा जाता है, क्योंकि हमारे देश में असम्भव को संभव में बदलने वाले युवाओं की संख्या सर्वाधिक है।

आंकड़े बताते हैं भारत की 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 वर्ष आयु तक के युवकों की और 25 साल उम्र के नौजवानों की संख्या 50 प्रतिशत से भी अधिक है। ऐसे में यह प्रश्न महत्वपूर्ण है कि युवा शक्ति वरदान है या चुनौती ? महत्वपूर्ण इसलिए भी यदि युवा शक्ति का सही दिशा में उपयोग न किया जाए तो इनका जरा सा भी भटकाव राष्ट्र के भविष्य को अनिश्चित कर सकता है। मैं आज के इस खास मौके पर आह्वान करना चाहूंगा कि आप सब नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहें। वक्त आपका इंतजार कर रहा है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने कहा कि डीएवी कॉलेज का अपना गौरवशाली इतिहास है और यह एक लम्बी विरासत का संवाहक है। मुझे गर्व है कि मैं भी इसी कॉलेज का छात्र रहा हूं। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति ही समाज और देश को नई दिशा देने का सबसे बड़ा औजार है।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, मुख्य संगठक सेवादल हेमा पुरोहित, दिवाकर दुबे, राकेश नेगी, विनीत भट्ट बंटू, रितेश छेत्री, डीएबी कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुज शाह, महासचिव सुमित कुमार, कोषाध्यक्ष जागृति गोसाईं, सह सचिव चंद्रशेखर सहित कॉलेज प्राचार्य सुनील सिंह, सत्यव्रत त्यागी, एमएम सप्पल, अतुल सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।