राजधानी दिल्ली में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी अकीदत और ऐहतराम के साथ मनाया गया

नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी अकीदत और ऐहतराम के साथ मनाया गया। ईदगाह, मस्जिदों और दरगाहों में बकरीद की नमाज अदा की गई और बाद में मुस्लिमों के जरिए जानवरों की कुर्बानी पेश की गई।

दिल्ली की मशहूर जामा मस्जिद (शाहजहानी मस्जिद) में ईद की नमाज सुबह 6 बजे शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने अदा कराई। शाही मस्जिद फतेहपुरी में शाही इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने ईद की नमाज अदा कराई। इसी तरह बाड़ा हिन्दू राव स्थित ऐतिहासिक शाही ईदगाह में भी बड़ी तादाद में मुस्लिमों ने ईद की नमाज अदा की। शिया जामा मस्जिद कश्मीरी गेट पर बड़ी तादाद में शिया मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा की। इस मौके पर ईदगाह और मस्जिदों के बाहर बच्चों के लिए खिलौने, गुब्बारे और खाने-पीने के समान खरीदते हुए लोग दिखाई पड़े। बच्चों में काफी उत्साह और उमंग देखने को मिला।

शाही जामा मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने अदा कराई। इस मौके पर मस्जिद का पूरा सेहन और सीढ़ियां आदि नमाजियों से भरी हुई थीं। शाही इमाम ने मुसलमानों से ईद की कुर्बानी करते समय सावधानी बरतने और गंदगी वगैरा नहीं करने की अपील की। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से शांतिपूर्वक ईद की नमाज संपन्न कराने पर बधाई दी है। उन्होंने अपने पड़ोसियों विशेष रूप से हिन्दू भाइयों का कुर्बानी करते हुए खास ख्याल रखने की अपील की और उन्हें भी ईद की खुशियों में शामिल करने के लिए कहा।

इस मौके पर मस्जिद फतेहपुरी के शाही इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने भी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। यहां पर मस्जिद के अलावा चांदनी चौक रोड पर भी बड़ी तादाद में मुसलमानों ने नमाज अदा की। डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने देश-दुनिया में अमन और शांति के लिए विशेष दुआ की। उन्होंने मुसलमानों से कुर्बानी करते समय संयम बरतने की हिदायत की। उन्होंने कहा कि आपके अमल से किसी को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। अल्लाह की राह में कुर्बानी करना जरूरी है, मगर इसको करते वक्त किसी को बिना वजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

शिया जामा मस्जिद में इमाम सैयद मोहसिन अली तकी ने ईद की नमाज अदा काराई। इस मौके पर बड़ी तादाद में शिया जामा मस्जिद पर शिया मुसलमानों ने ईद की नमाज में शिरकत की। इसके अलावा ऐतिहासिक ईदगाह मैदान में भी बड़ी तादाद में मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा की है। इसके साथ ही सभी मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों ओखला, हजरत निजामुद्दीन, सीलमपुर, मुस्तफाबाद, जाफराबाद, वेलकम, सीमापुरी, पुरानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों, दक्षिण दिल्ली और बाहरी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में भी मुस्लिमों ने ईद की नमाज अदा की और बाद में पूरे दिल्ली में मुसलमानों के जरिए हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम और हजरत इस्माइल अलैहिस्सलाम की याद को ताजा करने के लिए जानवरों की कुर्बानी पेश की गई है।