25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय स्वागत योग्य है: मुख्यमंत्री

देहरादून, 12 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय स्वागत योग्य है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि, ’25 जून, 1975 को तत्कालीन सरकार की ओर से भारतीय संविधान का अपमान करते हुए देश पर आपातकाल थोपने का अत्यंत निंदनीय कृत्य किया गया था। सत्ता के घमंड में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की ओर से संविधान की हत्या का दुस्साहस लोकतंत्र पर काले धब्बे के रूप में याद किया जाएगा।’

उन्होंने कहा कि,’ केन्द्र सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ष 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय स्वागत योग्य है। यह निर्णय आपातकाल के उस काले दौर में देश के लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए अनेक यातनाएं सहकर भी तानाशाही का प्रतिकार करने वाले समस्त आंदोलनकारियों के महान योगदान का स्मरण कराएगा।’