देश का लोकतंत्र सबसे शक्तिशाली हाथों में है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन/ खंडवा, 6 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उज्जैन लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया के समर्थन में आलोट, तराना विधानसभाओं में, खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में नेपानगर के धूलकोट में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कह रही है कि भाजपा लोकतंत्र बदल देगी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता है कि अब भारत का लोकतंत्र सबसे शक्तिशाली एवं मजबूत हाथों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का लोकतंत्र सुरक्षित है। सरकार इसलिए बनती है कि देश की एवं लोकतंत्र की रक्षा करे, लेकिन कांग्रेस ने कभी भी देश की रक्षा नहीं की। उनकी सरकारों में कहीं भी बम विस्फोट हो जाते थे। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के आधे नेता जेल में है और आधे जमानत पर बाहर हैं। भाजपा के कार्यकर्ता 24 कैरेट सोने के हैं, ताप में यह कुंदन बनकर निकलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तर उज्जैन विधानसभा के मनोरमा गार्डन में आयोजित महिला मोर्चा सम्मेलन को भी संबोधित किया।

कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन के नेता दे रहे हैं गाली

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन के जो नेता जमानत पर हैं, वे भी गाली दे रहे हैं और जो जेल में है वे भी गाली दे रहे हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि न खाऊंगा न खाने दूंगा। उन्होंने अपना जीवन जनता की सेवा में लगा दिया है। वे रात-दिन जनता की सेवा में जुटे हुए हैं, भारत माता की सेवा में जुटे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने गरीबों, किसानों, जवानों को उनका सम्मान दिलाया है। वे जवानों के साथ दीवाली पर सीमा रेखा पर पटाखे चलाते हैं तो किसानों को सम्मान निधि देकर उनका मान बढ़ाया है।

भाजपा के कार्यकर्ता 24 कैरेट सोने के हैं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता 24 कैरेट सोने के हैं, ताप में यह कुंदन बनकर निकलेंगे। एक तरफ सूर्य देवता अपना ताप दिखा रहे हैं तो दूसरी तरफ भाजपा के कार्यकर्ता भी इतने तपती धूप में पार्टी के लिए जुटे हुए हैं। भाजपा तो कार्यकर्ताओं की ही पार्टी है। यह किसी एक परिवार के भरोसे नहीं, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं के भरोसे पर चलती है। यहां पर एक गरीब परिवार से निकला हुआ व्यक्ति प्रधानमंत्री बनता है तो एक गरीब मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बनता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में सभी जाति वर्ग का विकास हुआ है। किसी के भी साथ जातिगत भेदभाव नहीं किया गया।

कांग्रेस के पापों की सूची लंबी है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के पापों की सूची बहुत लंबी है। उन्होंने शुरू से लेकर अब तक कई पाप किए हैं। देश का बंटवारा कराने का पाप, धारा 370 लगाने का पाप, गरीबी नहीं हटाने का पाप, संविधान को बदलने का पाप और श्रीराम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा में नहीं आकर तो महापाप किया है। कांग्रेस पार्टी ने 1947 में मुस्लिम लीग के आगे घूटने टेके। पहले आरक्षण मुस्लिम समाज के बीच में होता था, सीट के लिए होता था। जब तक कांग्रेस ने मुस्लिम लीग का समर्थन नहीं किया, तब तक मस्लिम लीग की जमानत जप्तक होती थी।

कांग्रेस ने हमेशा जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ा है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय देश में आतंकी घटनाओं का क्रम जारी रहा। उन्होंने हमेशा अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का काम किया है। 40 हजार से ज्यादा निर्दोष लोगों की हत्या की जिम्मेदारी कांग्रेस पार्टी और इनकी सरकार की रही है। 2013 में देश के अंदर भारतीय जनता पार्टी ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया। जिन्होंने डंके की चोट पर कहा था इस देश से आतंकवाद, भाई-भतीजावाद, लूट घसूट समाप्त करूंगा।

माता-बहनों के साहस से गौरवान्ति है भारत

मुख्यमंत्री यादव ने उज्जैन के मनोरमा गार्डन में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का इतिहास बहनों को लेकर दुनिया में अलग है। हमारी माताओं, बहनों ने हमेशा से साहस का परिचय दिया। चाहे रानी दुर्गावती हो रानी अवंतिबाई हो, रानी लक्ष्मीबाई हो, सभी ने अच्छे-अच्छों के छक्के छुड़ा दिए थे। रानी दुर्गावती ने अकबर की सेना से लगातार 35 युद्ध लड़े और जीते भी, लेकिन जब उनका बलिदान हुआ तो वह भी शान से हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह चुनाव दो माताओं के बीच में है। एक मां अपने बच्चों के लिए पार्टी का सत्यानाश कर रही है, केवल उनके बच्चे को प्रधानमंत्री बनाना है तो एक भारत मां का बेटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो भारत माता की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन देश की सेवा में लगा रहे हैं।

उमड़ा जनसैलाब, होती रही फूलों की बारिश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में बुरहानपुर में आयोजित रोड शो में सहभागिता की। इस दौरान जमकर जन सैलाब उमड़ा। रोड शो नगर के प्रमुख मार्गों पर निकाला गया, जहां पर हर तरफ भाजपामय माहौल नजर आया।