विकास कार्यों की बदौलत आज हरियाणा विकसित राज्य है:कंवर पाल

यमुनानगर, 11 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा करीब 99 करोड़ रूपये की लागत से जगाधरी में इंडस्ट्रियल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की मंजूरी प्रदान करने पर मैंटल इंडस्ट्री के मालिकों एवं उद्योगपतियों ने प्रदेश सरकार के साथ-साथ कृषि मंत्री कंवरपाल का आभार व्यक्त करते हुए कृषि मंत्री से मुलाकात की।

हरियाणा व्यापार कल्याण बोर्ड के जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता और जगाधरी एनवायरमेंट सोसाइटी के प्रधान एपीएस भट्टी ने गुरुवार काे बताया कि मैटल इंडस्ट्री की लंबे समय से मांग थी कि जगाधरी में इंडस्ट्रियल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाए। क्योंकि जगाधरी में बहुत अधिक मैटल इंडस्ट्री हैं। मैटल इंडस्ट्री से जो वेस्टेज के रूप में दूषित पानी निकलता है तो कई बार उससे कई प्रकार की गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। कृषि मंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए इस प्रोजेक्ट को मंजूर करवाया और अब लगभग 99 करोड़ रूपये की लागत से इसका टेंडर पास हो गया है।

हरियाणा के कृषि मंत्री कंवरपाल ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार का हमेशा विकास कार्यों को बढ़ावा देने का काम रहा है। विकास कार्यों की बदौलत आज हरियाणा देश का विकसित राज्य हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पहली बार यह इंडस्ट्रियल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जगाधरी विधानसभा में लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र को मानकर विकास कार्यों को प्राथमिकता से करवाती है।उन्होंने बताया कि इस इंडस्ट्रियल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना से न केवल जगाधरी का वातावरण स्वच्छ बनेगा, बल्कि यह स्थानीय आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहित करेगा।