सपा की सदस्यता लेना मतलब गुंडागर्दी का सर्टिफिकेट लेना : केशव प्रसाद मौर्य

शाहजहांपुर 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सपा,बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शाहजहांपुर के मिर्जापुर में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा की सपा सांपनाथ, बसपा नागनाथ और कांग्रेस कालियानाग है। सपा की सदस्यता लेना मतलब गुंडागर्दी का सर्टिफिकेट लेना है। सपा गुंडों, माफियाओं, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों को पैदा करने की फैक्ट्री है।

डिप्टी सीएम ने कहा की सपा की गुंडागर्दी जग जाहिर है। सपा का झंडा लगी गाड़ियों में गुंडे बैठते थे। वो कट्टो और बम बनाने की फैक्ट्री लगाते हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी बड़ी-बड़ी इंडस्ट्रियां लगा रही है, ताकि लोगों को रोजगार मिले,भारत आत्मनिर्भर बने और गरीबी से मुक्त होकर विकसित भारत बने।

उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश को 100 साल आगे ले जाने और 2047 तक विकसित भारत बनाने का चुनाव है। उन्होंने लोगों से पूछा कि विकसित भारत बनाने से आपको क्या मिलेगा सोचेंगे? विकसित भारत का मतलब है गरीब आदमी, अमीर बनेगा और जो अमीर है वो और अमीर बनेगा और दुनिया में भारत का तिरंगा लहराएगा। उन्होंने कहा की सुशासन, विकास और सुरक्षा का जो कमल आप नहीं खिलाया है उस कमल की ताकत के कारण आज देश प्रदेश में लोग अपने आप को सुरक्षित और विकसित महसूस कर रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर विपक्षी दुष्प्रचार कर रहे कि अगर मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन गए तो लोकतंत्र और संविधान खतरे में पड़ जायेगा। उन्होंने लोगों की सवाल किया कि बताओ दस बर्षो से मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं तो संविधान और लोकतंत्र को खतरा हुआ क्या?

डिप्टी सीएम ने कहा कि मोदी जी गरीब मां बाप के बेटे हैं। उन्होंने गरीबी देखी है वो गरीबी के दर्द को समझते हैं और गरीबों के दर्द को दूर करने के लिए चार करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए। गरीबों के लिए उज्ज्वला गैस योजना,आयुष्मान भारत योजना जैसी तमाम कल्याणकारी योजनाओं लाए। मोदी जी ने देश की सुरक्षा और विकास के लिए समर्पण भाव से काम किया। जम्मू से 370 को हटाया। उन्होंने पूछा कि आप लोगों को गुंडों और अपराधियों की सरकार चाहिए या फिर गरीब, किसान और जो महिला का सशक्तिकरण करे उसकी सरकार चाहिए।

केशव प्रसाद ने कहा कि नारी शक्ति बंधन अधिनियम बनने से महिलाएं प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष,महापौर, विधायक बनती है, लेकिन 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएगी तो,जैसे वो घर चलाती हैं, जिला चलाती हैं वैसे ही देश और प्रदेश को चलाएंगी। मोदी जी ने तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का एलान किया है तो देश लूटने वालों को यह हजम नहीं हो रहा।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की नीति बांटो और राज करो की है। जब हमारे समाज का कोई व्यक्ति की उनकी पार्टी से जीत सकता था तो अखिलेश यादव ने टिकट नहीं दिया। जब सपा साफ हो चुकी है और समाप्तवादी पार्टी बन गई है तब टिकट देकर वो मेरे समाज, मेरे परिवार को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा समाज, हमारा परिवार नादान नहीं है। हम दूध में चीनी मिलाते हैं जिससे मिठास बढ़ जाए, लेकिन वो दूध में नीबू डालकर बांटने की कोशिश कर रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव के अंदर उनके खिलाफ जहर भरा है। अखिलेश यादव ने उनके स्वर्गीय पिता के बारे में अपशब्द कहे। लेकिन उन्होंने अखिलेश यादव को संसदीय भाषा में जबाब दिया। डिप्टी सीएम ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि अखिलेश और उनके परिवार के लोग उन्हें जितनी भी गाली दें,वो गाली से जवाब नहीं देंगे और आप सब भी उनकी गाली का जबाब गाली से नहीं, बल्कि कमल का बटन दबाकर दें। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने सपा,बसपा और कांग्रेस को आईसीयू में पहुंचा दिया है। क्या उसे अब ऑक्सीजन देनी चाहिए? यह तीनों मिलकर सोच रहे कि 2024 में मोदी जी को हटा देंगे। क्या वो मोदी जी को हटा पाएंगे?

उन्होंने कहा कि यह लोग मोदी जी को हटा तो नहीं सकते, लेकिन सपने देख रहा है कि किसी तरह तोड़-फोड़ कर सरकार बना लेगें तो राम जन्म भूमि पर मंदिर की जगह फिर से बाबरी मस्जिद बनवाएंगे। उन्होंने पूछा कि क्या आप लोग उसे बनने देंगे।

उन्होंने कहा कि बाबू कल्याण सिंह के निधन पर अखिलेश यादव उन्हें श्रद्धांजलि देने तो नहीं पहुंचे। लेकिन माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर जाकर फातिया पढ़ सकते हैं।रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमन्त्रण को ठुकरा सकते हैं और तृष्टिकरण के लिए समाजवादी पार्टी का नाम बदलकर मुस्लिम लीग कर सकते हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक में ओबीसी के आरक्षण पर डाका डाला और मुस्लिमों को ओबीसी में शामिल कर दिया।

उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के निमन्त्रण को ठुकराने और बाबू कल्याण सिंह जी का अपमान करने वालों को सजा देनी चाहिए या नहीं। उन्होंने अपील की ऐसे लोगों को 2024 में ठुकरा दीजिए। उन्होंने कहा कि कमल का बटन दबाने का मतलब है तीन करोड़ लोगों को फिर से प्रधानमंत्री आवास मिलना। लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याणी योजना का लाभ मिलेगा। एक देश एक वोटर लिस्ट एक साथ पांच साल में चुनाव प्रक्रिया कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

उन्होंने युवा को साधते हुए कहा कि 2047 तक जो विकसित भारत बनेगा वो विकसित भारत आप के लिए बनेगा। इसे अमेरिका से पहले विकसित होना चाहिए था लेकिन देश को लूटने वाले सत्ता में बैठे थे उन्हें कुर्सी प्यारी थी देश का विकास नहीं, उन्हें कुर्सी से मोह था लेकिन देशवासियों से नहीं, इसलिए विकसित भारत विकासशील बन गया।

उन्होंने कहा कि मोदी जी के बारे में कहा जाता है कि विश्वास करो तुम मोदी पर यह नवयुग का निर्माता है। ऐसा नेता इस धरती पर एक बार ही आता है और घर—घर में खुशहाली पहुंचे बस इतना फर्ज निभा देना,बाकी सब मोदी कर देंगे बस तुम कमल का बटन दबा देना।

मौर्य ने जनसभा में मौजूद लोगों से कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आप के पास अवसर है और इसलिए कमल का बटन दबाकर भाजपा को जिताएं।