स्वच्छ भारत अभियान आज जन आंदोलन बन चुका है: अरुण सिंह

6e83307ce77cab2c61423638fb86c080

वाराणसी,02 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर बुधवार तक आयोजित सेवा पखवाड़े के समापन पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। राज्यसभा सांसद अरूण सिंह ने शहर दक्षिणी विधानसभा अन्तर्गत टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को पानी से स्नान कराकर स्वच्छ किया। इसके बाद बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद अरुण सिंह ने मैदागिन स्थित मालवीय मार्केट,कम्पनी बाग में झाड़ू लगाकर श्रमदान भी किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से ठीक 10 वर्ष पूर्व 02 अक्टूबर 2014 को काशी में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी।

स्वच्छता ही सेवा मानकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों शुरू ये अभियान आज जन आंदोलन बन चुका है। गांधी जयंती पर सांसद अरुण सिंह ने लोगों से आग्रह किया कि महात्मा गांधी के मूल सिद्धांत स्वराज, स्वदेशी, सादगी एवं अहिंसा को अपनाते हुए हमेशा जनकल्याण के लिए कार्य करते रहना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता अभियान का समापन लोहटिया तिराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। पूरे कार्यक्रम में शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा आदि ने भी भागीदारी की।