उपचुनावों के बाद खुलेगी सुक्खू के कारनामों की पोल : राकेश जम्वाल

धर्मशाला, 06 जुलाई (हि.स.)। देहरा विधानसभा उपचुनाव के भाजपा संजोयक व सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल ने कहा है कि उपचुनावों के बाद सुक्खू सरकार के कारनामों की पोल जनता के सामने खुलेगी। 15 महीनों में सुक्खू सरकार ने विकास को छोड़ क्या काम किए हैं उनकी हकीकत जनता के सामने रखी जाएगी। उन्होंने कहा उपचुनावों में लड़ाई मान-सम्मान और विकास को लेकर है।

शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि उपचुनावों को लेकर जो आरोप सुक्खू भाजपा पर लगा रही है, उसकी जननी सुक्खू सरकार है। आज जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर हो चुकी है। जनता जान चुकी है सुक्खू सरकार से उन्हें कुछ मिलने वाला नहीं। सुक्खू सरकार नही रंजिश की सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री पद व उसकी गरिमा को भारी ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री सुक्खू ने झूठ गारंटियां के द्वारा प्रदेश के लोगों की आशा और विश्वास के साथ भी खिलवाड़ किया है। हिमाचल देवभूमि में मुख्यमंत्री पद के साथ गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं, जिनको सुक्खू ने तारतार किया है। उन्होंने कहा कि देहरा में हो रहे उपचुनाव में सुक्खू सरकार कानून को ताक में रखकर सभी हथकंडों को अपना रही है तथा देहरा की जनता की आवाज को दीवाने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक जमवाल ने कहा कि अगर सुक्खू ने देहरा में विकास की शुरुआत की होती तो आज उनचुनाव करवाने की नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि सुक्खू अपनी नाकामियों का ठिकरा दूसरों पर फोड़ रहे हैं, परंतु वे भूल रहे हैं कि पब्लिक सब कुछ जानती है। राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश में हो रहे उपचुनावों के दोषी सुक्खू हैं। उन्होंने कहा कि पिछलें 15 महीनों में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार भी देहरा का रुख नहीं किया तथा अब चुनाव में वे अपनी पत्नी के लिए लोगों से बिना आधार वोट मांगने को मजबूर हो चुके हैं।