वन महोत्सव के तीसरे दिन राज्य मंत्री एवं विधायक ने पौधरोपण किया

सहारनपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में वन महोत्सव के अंतर्गत एक से सात जुलाई तक पौधरोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवन्त सैनी ने पौध रोपण किया। वहीं नकुड़ रेंज विधायक मुकेश चौधरी ने नगर चेयरमैन नगर पालिका नकुड़ शिवकुमार गुप्ता के पौध रोपण कर पर्यावरण बचाने और प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश दिया।

मंत्री ने रामपुर मनिहारान रेंज के अन्तर्गत मण्डी समिति परिसर में आम, जामुन, शीशम, गोल्ड मोहर, कदम आदि पौधों का रोपण किए। नकुड़ रेंज के अन्तर्गत महाराजा अग्रसैन कन्या इन्टर कालेज विधायक मुकेश चौधरी, नगर चेयरमैन नगर पालिका नकुड़ शिवकुमार गुप्ता के साथ नीम, पीपल, बरगद, कदम, अर्जुन, कटहल आदि पौधों का रोपण कर बच्चों को जागरूक किया। जनप्रतिनिधियों ने इस मौके पर कहा कि एक पेड़ मां के नाम का जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें। सहारनपुर रेंज के अन्तर्गत गागलहेडी अहतमाल हिण्डन नदी के किनारे पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने हरि शंकरी वाटिका में सागौन, शीशम आदि पौधों का रोपण किया।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग, सहारनपुर शुभम सिंह के निर्देशन में ’’वन महोत्सव’’ संगोष्ठी एंव पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वन प्रभाग की उप प्रभागीय वनाधिकारी संवेदना चौहान तथा क्षेत्रीय वनाधिकारी सहारनपुर द्वारा विभागीय कर्मचारियो एंव स्थानीय नगरवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। भारत सरकार द्वारा दिये गये इस वर्ष की थीम एक पेड़ मॉं के नाम के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। इसके साथ ही सामाजिक वानिकी प्रभाग, सहारनपुर की बेहट रेंज के अन्तर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेहट में प्रधानाचार्य ममता सिंह एंव बेहट रेंज के समस्त स्टाफ द्वारा सहजन, पीपल, पिलखन, आंवला, अमरूद आदि का रोपण किया गया। देवबन्द रेंज के अन्तर्गत राज्जूपुर कब्रिस्तान सकूरपुर माफी में ग्राम प्रधान व अन्य ग्रामीणों द्वारा पीपल, इमली, आंवला आदि पौधों का रोपण किया गया।

इसी के साथ शिवालिक वन प्रभाग, सहारनपुर की मोहण्ड़, शाकुम्भरी एवं बडकला रेंज बादशाहीबाग के अर्न्तगत प्रभागीय वनाधिकारी, शिवालिक वन प्रभाग, सहारनपुर श्वेता सैन के निर्देशन में ’’वन महोत्सव’’ संगोष्ठी एंव पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोहण्ड रेंज के अन्तर्गत मोहण्ड 3बी में आवंला, कटहल, अर्जुन, शीशम, नीम, सागौन व जामुन आदि प्रजातियों के 50 पौधों का पौधारोपण किया गया।

वन महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर पर्यावरण एंव वनों के संबध मे महत्वपूर्ण जानकारी दी, ’’पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ’’ अभियान के बारे मे विस्तार पूर्वक जानकारी दी। बताया गया कि इस वर्ष भयंकर गर्मी पड़ने का कारण भी वनों का घटता आवरण है। वन प्राकृतिक सन्तुलन बनाने के लिये सबसे महत्वपूर्ण हैं, जिसकी सुरक्षा करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।