CSK के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कप्तान गायकवाड़ के प्रदर्शन पर उठाए सवाल
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में सोमवार, 18 मई को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हाथों मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के प्लेऑफ में पहुंचने के सपने को गहरा झटका लगा है। इस सीजन में टीम की यह 7वीं हार थी, जिसके बाद वह टूर्नामेंट से लगभग बाहर होने की कगार पर पहुंच चुकी है। हालांकि गणितीय रूप से सीएसके की उम्मीदें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, लेकिन अगर कोई भी अन्य टीम 15 या उससे ज्यादा अंकों तक पहुंचती है, तो चेन्नई का पत्ता साफ हो जाएगा। इस करारी शिकस्त के बाद टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की धीमी बल्लेबाजी को लेकर बिना किसी लाग-लपेट के बड़ा बयान दिया है।
करो या मरो के मुकाबले में बेहद सुस्त रहे कप्तान गायकवाड़
प्लेऑफ की रेस के लिहाज से हैदराबाद के खिलाफ यह मुकाबला चेन्नई के लिए बेहद अहम था, लेकिन ओपनिंग करने उतरे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ क्रीज पर रनों के लिए बुरी तरह संघर्ष करते नजर आए। गायकवाड़ ने 21 गेंदों का सामना किया और महज 15 रनों की बेहद धीमी पारी खेली। हैरानी की बात यह रही कि बतौर ओपनर खेलते हुए उनकी इस पारी में एक भी चौका शामिल नहीं था। इसके उलट, उनके जोड़ीदार संजू सैमसन ने दूसरी छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 13 गेंदों में 27 रन ठोक दिए थे। रुतुराज का ऐसा सुस्त प्रदर्शन इस पूरे सीजन में चिंता का विषय बना रहा है।
'कप्तान और बेहतर कर सकते थे, जैसी उम्मीद थी वैसा खेल नहीं दिखे'
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग से रुतुराज गायकवाड़ के खराब फॉर्म और प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में अपनी निराशा जाहिर की। फ्लेमिंग ने कहा, "अगर मैं पावरप्ले से बात शुरू करूं, तो वहां विकेट बचाना और रन बनाना सबसे जरूरी होता है। हां, मुझे लगता है कि रुतुराज इस सीजन में और भी बेहतर कर सकते थे। उन्होंने अतीत में हमारे लिए इससे कहीं ज्यादा बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह टॉप ऑर्डर के एक शानदार खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन इस सीजन में वह उस स्ट्राइक रेट और तेजी से रन नहीं बना पाए हैं, जिसके लिए वो जाने जाते हैं। यह एक ऐसा पहलू है जिस पर वह खुद भी जरूर ध्यान देंगे।"
युवा खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन और पिच के मिजाज पर बोले फ्लेमिंग
कोच फ्लेमिंग ने कप्तान के अलावा टीम के ओपनिंग कॉम्बिनेशन और युवाओं के रोल पर भी बात की। उन्होंने कहा, "रुतुराज के साथ क्रीज पर उर्विल पटेल खेल रहे हैं, जो अभी काफी युवा हैं और खुलकर खेलते हैं। ऐसे में ओपनिंग में एक कॉम्बिनेशन का पहलू भी आ जाता है, जिस पर हमें आगे विचार करना होगा। जहां तक सोमवार के मैच की बात है, तो मुझे लगता है कि पिच की गति (Pace) के हिसाब से बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल काम था। गेंदबाजों को इस पिच से काफी मदद मिल रही थी।"
हैदराबाद के सीम बॉलर्स और कटर ने बिगाड़ दिया चेन्नई का खेल
स्टीफन फ्लेमिंग ने माना कि पिच को देखते हुए टीम ने 180 रनों का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, लेकिन विपक्षी गेंदबाजों ने चेन्नई की योजना पर पानी फेर दिया। फ्लेमिंग ने कहा, "इस पिच पर 180 रन बनाना भी काफी मुश्किल काम था। जहां तक स्पिन गेंदबाजी की बात है, तो गेंद में बहुत ज्यादा टर्न नहीं था, लेकिन पिच थोड़ी धीमी थी। अकील होसेन, नूर अहमद और वीर के इस्तेमाल पर हम आगे बैठकर समीक्षा करेंगे। लेकिन सच यह है कि आज सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाजों (Seam Bowlers) ने विकेट पर शानदार कटर गेंदे फेंकी, जिसने हमारी बल्लेबाजी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। हमारा बॉलिंग अटैक उनके मुकाबले थोड़ा अलग था।"