तंजानिया की राष्ट्रीय सभा की अध्यक्ष ने राष्ट्रपति से की मुलाकात

Ed07875f3aab4eb7076467cb441ba233

नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त गणराज्य तंजानिया की राष्ट्रीय सभा की अध्यक्ष और अंतर-संसदीय संघ की अध्यक्ष डॉ. तुलिया एक्सन ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

डॉ. एक्सन का भारत में स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने उन्हें 2023-26 के लिए अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत लंबे समय से आईपीयू का सदस्य रहा है। हमारे सांसद कार्यकारी समिति सहित इसकी विभिन्न समितियों में सक्रिय भागीदार हैं। उन्होंने सांसदों को महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करने काे आईपीयू की सराहना की। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि आईपीयू अध्यक्ष के रूप में, डॉ. एक्सन सदस्य देशों के बीच समझ और संवाद को और मजबूत करेंगी। आईपीयू के मूल्यों और उद्देश्यों को बनाए रखने की दिशा में काम करेंगी, साथ ही इसे वैश्विक दक्षिण के लिए प्रासंगिक मुद्दों को उठाने के लिए एक मंच के रूप में उपयोग करेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और तंजानिया के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। तंजानिया में भारतीय समुदाय भारत-तंजानिया मैत्री के लिए एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करता है। उन्होंने अक्टूबर 2023 में अपनी राजकीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन के साथ अपनी व्यापक चर्चाओं को भी याद किया।