सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल ने पीडीए वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया

इटावा, 05 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्य सभा सदस्य प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने पर्यावरण स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए वृक्षा रोपण किया। उन्होंने शुक्रवार को इटावा के श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पीडीए वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में चल रहे पीडीए पेड़ रोपण अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि पीडीए पेड़ रोपण अभियान पूरे प्रदेश में चल रहा है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव में पीपल, बरगद और नीम के पेड़ लगा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण जरूरी है। वर्तमान में हर तरफ फैले हुए तरह-तरह के प्रदूषण को दूर करने के लिए आवश्यकता पेड़ की है, शाखाओं की नहीं। जब पौधे की जड़ें जमीन पकड़ लेती हैं तो शाखाएं, पत्तियां, फूल, फल सब अपने आप प्राप्त होता है। वे शाखाएं अप्राकृतिक होती हैं जिनकी न तो जड़ों का पता होता है और न ही इस बात का कि उनका फल किसको मिल रहा है। इसीलिए आवश्यकता जमीन से जुड़ें पेड़ों की है, मनुष्य निर्मित शाखाओं की नहीं।

प्रो. रामगोपाल ने कहा कि पीडीए पेड़ पौधारोपण के इस पर्यावरणीय, सामाजिक आंदोलन को सपा द्वारा उत्तर प्रदेश के गांवों से शुरू करके आगामी चरणों में राष्ट्रव्यापी आंदोलन बनाने का प्रयास किया जाएगा।