विश्व प्लास्टिक मुक्त दिवस पर सामाजिक कार्यकर्ताओं निशुल्क जूट थैला वितरित

सहरसा,03 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्लास्टिक बैग फ्री दिवस के अवसर पर बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ता अनंत रौशन झा एवं रौशन मिश्रा ने शहर के विभिन्न भागों मे जनजागृति अभियान सह जुट बैग वितरण कार्यक्रम चलाया।

शहर के मुख्य बाजारों में घूम घूम कर लोगों को जुट से बने थैले का वितरण किया। साथ ही लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग नहीं करने हेतु जागरूक किया। लोगों को संकल्प दिलाया गया कि दैनिक जीवन में कम से कम प्लास्टिक का उपयोग करेंगे। अनंत रौशन झा ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि प्लास्टिक थैले का उपयोग पूर्णतः वर्जित है लेकिन प्रशासनिक उदासीनता की वजह से यह लागू नहीं हो पाता है।

प्लास्टिक पांच सौ वर्षों में भी नष्ट नहीं हो पाता।दुनिया भर में हर सेकंड एक लाख साठ हजार प्लास्टिक बैग का उपयोग किया जाता है। प्लास्टिक बैग का उपयोगी जीवन लगभग दस से पच्चीस मिनट है लेकिन प्लास्टिक की थैलियों को नष्ट होने में 500 से 1000 वर्ष तक का समय लगता है।

प्लास्टिक के मलबे से 260 से अधिक समुद्री प्रजातियाँ नष्ट हुई हैं। प्लास्टिक बैग का उत्पादन पेट्रोलियम का उपयोग करके किया जाता है।आइये कम से कम प्लास्टिक बैग के उपयोग नहीं करने का संकल्प लें।समाजसेवी रौशन मिश्रा ने लोगों से अपील किया कि प्लास्टिक कचरा विघटित नहीं होता है।जिसका अर्थ है कि यह लैंडफिल और मिट्टी, नदियों और महासागरों में सदियों तक बना रह सकता है। जिससे पर्यावरण के साथ-साथ वन्यजीवों को भी लगातार नुकसान पहुंचता है। प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने और हमारे ग्रह को बचाने के लिए एक सामूहिक प्रयास की जरूरत है।स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना की।