उत्तर-पश्चिमी भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। पश्चिमी हिमालयी राज्यों में कई स्थानों पर बर्फबारी हुई है। असम और ओडिशा समेत पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है। मौसम विभाग ने रविवार को भी पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 25 फरवरी से उत्तर भारत का मौसम भी प्रभावित होगा।
25 से 28 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने 25 फरवरी से 28 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। 26 से 28 फरवरी के बीच पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 और 28 फरवरी को पश्चिमी यूपी, पूर्वी यूपी और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा में कई स्थानों पर 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय क्षेत्रों के अलावा ओडिशा में कई स्थानों पर 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। वहीं, झारखंड, सिक्किम, छत्तीसगढ़, असम, बिहार समेत 7 पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 25 और 26 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
डल झील पर उमड़े पर्यटक
पिछले 24 घंटों में उत्तर भारत में भी तापमान में 1-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। देश के अन्य भागों में तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। महाराष्ट्र, तेलंगाना, बिहार, यूपी, झारखंड समेत पूर्व-मध्य भारत में औसत तापमान 1-3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर के डोडा में गंडोह भलेसा पर्वत पर बर्फबारी हुई है। वहीं, श्रीनगर की ऐतिहासिक डल झील पर पर्यटकों की संख्या पहले की तुलना में काफी अधिक है। फिलहाल पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।