हथियारों का अवैध कारोबार चलाने के आरोप में पंचायत प्रधान सहित छह गिरफ्तार

मालदा, 29 जून (हि.स.)। मालदा के मानिकचक थाने की पुलिस ने हथियारों के अवैध कारोबार का भांडाफोड़ करते हुए भाजपा पंचायत प्रधान सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मानिकचक थाने की पुलिस को अवैध हथियार कारोबार की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने मानिकचक के हरिपुर इलाके में छापेमारी की। वहां आम के बगीचे से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक सात एमएम की पिस्तौल, आठ राउंड कारतूस, दो मैगजीन और दो मोटरसाइकिल बरामद होने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपितों में नजीरपुर ग्राम पंचायत के भाजपा प्रधान देबाशीष मंडल और तृणमूल युवा के ब्लॉक कमिटी सदस्य सारवान मंडल शामिल हैं।

इस बारे में जिला तृणमूल उपाध्यक्ष दुलाल सरकार ने कहा कि मालदा जिले की सीमा एक तरफ बिहार झारखंड से लगती है। बिहार झारखंड के बदमाश उन जिलों में चोरी, डकैती की वारदातों को अंजाम देते हैं।भारतीय जनता पार्टी उन सभी क्षेत्रों में सक्रिय है। ऐसे कई लोग हैं जो उनके संपर्क में रहते हैं। उन्होंने बंगाल को अशांत करने के लिए ऐसा किया है। सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।

दूसरी तरफ दक्षिण मालदा जिला भाजपा सह सचिव गौर चंद्र मंडल ने कहा कि यह पूरी तरह साजिश है। पूरे पश्चिम बंगाल में पुलिस तृणमूल की दास बन गई है। यह साजिश रची गई है। लंबे समय से नाजिरपुर ग्राम पंचायत में तृणमूल काम नहीं करने दे रही है। उन्हें कटमनी चाहिए इसलिए प्रधान को फंसाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है। मानिकचक थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है।