सिरसा: भाजपा शासन में गरीबों का जीवन स्तर सुधरा: अशोक तंवर

सिरसा,7 मई (हि.स.)। हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का सपना साकार हुआ है। सरकार की कल्याणकारी नीतियों से हर वर्ग खुश है। जनता की यही पुकार है कि नरेन्द्र मोदी एक बार फिर से देश के प्रधानमंत्री बनें, ताकि देश और नई ऊचाइंया छुए। सिरसा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक तंवर रानियां हलके के विभिन्न गांवों भड़ोलियावांली, बालासर, मोहम्मदपुरिया, नानूआना, सुल्तानपुरिया, मत्तड़, कुस्स्सर, गिंदड़ा, घोड़ावाली व चक्कां में जनसभाओं में उमड़े जनसैलाब को भाजपा की नीतियों से अवगत कराया।

अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा शासन में गरीबों का जीवन स्तर सुधरा है। आज देश के 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। राशन वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए इसे पारदर्शी बनाया गया है। गरीबों को अब राशन ऑनलाइन दिया जा रहा है। सुशासन स्थापित कर लोगों को ऑनलाइन माध्यम से सुविधाओं व योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। तंवर ने कहा कि लोगों के काम घर बैठे एक क्लिक में हो रहे हैं। अब उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं रही। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा है। हमारा इलाका खेती पर आधारित है। सिरसा संसदीय क्षेत्र में पूरे प्रदेश में सबसे अधिक नरमे, गेहूं व किन्नू का उत्पादन होता है।

उन्होंने कहा कि किसान का नरमा 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरी है। गेहूं एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। सरसों के दाम 5650 रुपए क्विंटल है। तंवर ने कहा कि किसानों को फसलों के जितने दाम भाजपा सरकार में मिल रहे हैं, उतने पहले कभी नहीं मिले। उन्होंने कहा कि कुछ लोग किसानों को बरगला कर अपना उल्लू सीधा करने का काम कर रहे हैं। किसान भाइयों को चाहिए कि वे ऐसे मतलब परस्त लोगों से सावधान रहें और अपने व अपने देश की खुशहाली के लिए भाजपा का साथ दें। इस मौके पर उनके साथ गोबिंद कांडा,बलवान जांगड़ा, ललित पोपली, अमरजीत चानी, गुरदेव राही, विशाल छाबड़ा, अमनदीप सिंह पूर्व सरपंच, अमरीक राही, लूणाराम खारिया, सुधीर खारिया आदि मौजूद थे।