विशाल नगाड़ा अयोध्या के श्रीराम मंदिर में विन्ध्य का मान बढ़ाएगा: शुक्ल

भोपाल, 8 मार्च (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर रीवा में लगातार कई वर्षों से भव्य शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है। महाशिवरात्रि के महापर्व पर बैजू धर्मशाला से शिव बारात आरंभ हुई। बारात में सबके आकर्षण का केन्द्र विशाल और आकर्षक नगाड़ा रहा। बैजू धर्मशाला में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिव बारात को रवाना किया।

इस अवसर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे विन्ध्य क्षेत्र में भगवान शिव के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं। रीवा शहर में महाशिवरात्रि का पर्व परंपरागत उल्लास से मनाया जाता रहा है। शिव बारात के आयोजन ने इस उल्लास को दुगुना कर दिया है। छोटे स्वरूप में शुरू हुई शिव बारात आज बहुत विशाल और भव्य हो गई है। इस बारात में विशाल नागाड़ा शामिल किया गया है। शिव बारात के बाद यह नगाड़ा भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में बने भव्य रामलला मंदिर को समर्पित किया जाएगा। यह विशाल नगाड़ा श्रीराम मंदिर में विन्ध्य ही नहीं पूरे प्रदेश का मान बढ़ाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने ढेरा में विश्वेश्वरनाथ शिव मंदिर में किया जलाभिषेक

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने महाशिवरात्रि पर अपने गृह ग्राम ढेरा में स्थित विश्वेश्वरनाथ शिव मंदिर में सपत्नीक जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का विधिवत अभिषेक किया गया। उन्होंने प्रदेश और विन्ध्य के कल्याण और विकास के लिए भगवान शिव से कामना की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने गृह ग्राम ढेरा में कुलदेवी मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर सभी के लिए मंगलकामनाएं की। उप मुख्यमंत्री हवन तथा प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर मऊगंज अजय श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा उप मुख्यमंत्री के परिवारजन उनके साथ रहे।