लोकसभा चुनाव 2024 से पहले मायावती को झटका, बदायूं के वरिष्ठ बसपा नेता राजेश कुमार सिंह भाजपा में हुए शामिल

लखनऊ/लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा दूसरे दलों को तोड़ने में जुट गई है। इसके तहत सपा, बसपा और कांग्रेस के नेताओं को पार्टी ज्वाइन कराई जा रही है। बदायूं में विधानसभा से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले लोकप्रिय नेता ठाकुर राजेश कुमार सिंह ने लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस खबर के मिलते ही बसपा के खेमे में हलचल मची हुई है।

लखनऊ में दिलाई गई सदस्यता
भाजपा ने 2024 की तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे में हर दल में सेंध लगाई जा रही है। बडे़ से लेकर छोटे नेताओं को भाजपा में शामिल कराया जा रहा है। सोमवार को लखनऊ में भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य ने बसपा के वरिष्ठ लोकप्रिय नेता ठाकुर राजेश कुमार सिंह को भाजपा पार्टी ज्वाइन कराई। बता दें कि 2022 में बदायूं विधानसभा सीट से राजेश कुमार सिंह ने बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। ये बसपा में लंबे समय से सक्रिय थे।

भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी में शामिल होते हुए ठाकुर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मैं अब हमेशा भाजपा के साथ रहूंगा तथा पार्टी के लिए दिन-रात काम करूंगा। भाजपा प्रत्याशी को अच्छे वोटों से जिताएंगे। बसपा में दम घुट रहा था, सपा अवसरवादी पार्टी है। उन्होंने बताया कि बसपा की नीतियों से नाखुश होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास वाली पार्टी है। इस पार्टी की नीतियां और योजनाएं पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। इसलिए भारत के एक एक व्यक्ति तक भाजपा की नीतियों को अपनी अंतिम सांस तक ईमानदारी से पहुंचाने का कार्य सच्चे सिपाही के रूप में करता रहूंगा। पार्टी में शामिल होने के बाद बाबा गोरखनाथ जी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ राजेश सिंह के सैकड़ो समर्थक मौजूद थे।