शिवसेना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की तरफ बढ़ाए कदम, दर्जनों महिलाओं ने थामा शिवसेना का दामन

जम्मू, 8 मार्च (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर ईकाई ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के मकसद से निःशुल्क सिलाई व बयूटिशिन प्रशिक्षण देने की शुक्रवार को घोषणा की है।

पार्टी प्रदेश कार्यालय में महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष में महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य को लेकर पार्टी कार्यालय में एक माह का निःशुल्क सिलाई और ब्यूटीशियन कोर्स शुरू गया है। जिसके सम्पन्न होने प सर्टिफिकेट प्रदान करने तथा स्वरोजगार के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।

साहनी ने कहा कि रोजगार के मामले में महिलाओं का प्रतिशत बहुत ही कम है। महिला रोजगार को लेकर जम्मू और कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश अन्य राज्यों के मुकाबले में बहुत पीछे खड़ा है। जम्मू-कश्मीर में महिला बेरोजगारी की दर 72 प्रतिशत है जो कि गंभीर चिंता का विषय है। साहनी ने बताया कि इस कोर्स की इच्छुक महिलाएं पार्टी कार्यालय में आकर अपना पंजीकरण करवा सकती है। एक माह की अवधि का यह कोर्स पूरी तरह से निःशुल्क होगा।

साहनी ने कहा कि बहुत जल्द ही जिला व तहसील स्तर पर इस तरह के निशुल्क सैंटर खोल महिलाओं को प्रशिक्षण देकर महिलाओं को रोजगार की राह दिखाई जाएगी। इस मौके पर करीब दो दर्जन महिलाओं ने पार्टी की नीतियों और विचारों से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थामा। मौके पर उपस्थित करीब एक दर्जन महिलाओं ने उक्त कोर्साे के लिए अपना पंजीकरण भी करवाया।

इस मौके पर अध्यक्ष महिला विंग मिनाक्षी छिब्बर, महासचिव विकास बख्शी, उपाध्यक्ष संजीव कोहली, अध्यक्ष कामगर विंग राज सिंह, शशिपाल, काजल, अजय सिंह, ममता छिब्बर, संजीव शर्मा उपस्थित रहे।