शेखावत ने कहीं चलाया ट्रैक्टर तो कहीं निकाला रोड शो

फलोदी/जोधपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को फलोदी विधानसभा क्षेत्र में रहे और सघन जनसंपर्क किया। शेखावत ने कहीं ट्रैक्टर चलाया तो कहीं खुले वाहन में सवार होकर रोड शो निकाला।

शेखावत सुबह सबसे पहले मंडला कला पहुंचे और भादरिया माताजी मंदिर व बाबा रामदेव के दर्शन किए। बाइजी महाराज अश्वशक्ति का आशीर्वाद प्राप्त किया। डडू में राजश्री पदम सिंह भोमिया जी के मंदिर में दर्शन कर धोक लगाई। शेखावत खुले वाहन में सवार होकर रैली के साथ खारा पहुंचे। वो ट्रैक्टर पर सवार होकर सभा स्थल पहुंचे। यहां लोक देवता बैंगटी हड़बु जी सांखला का स्मरण करते हुए मोदी को देश का हीरो बताया।

केंद्रीय मंत्री ने बैंगटी हड़बु जी में सभा के बाद बैंगटी हड़बु की स्थली पर धोक लगाकर दर्शन किए। लोक देवता बैंगटी हड़बु जी सांखला का अलग से पैनोरमा बनवाने का भी भरोसा दिलाया। बावड़ी कला में चुनावी संवाद के बाद ट्रैक्टर रैली के रूप में शेखासर पहुंचे।

फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, जिला अध्यक्ष देहात भाजपा उत्तर अध्यक्ष मनोहर पालीवाल सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि साथ रहे।