सैफ अली खान पर हुए हमले ने न केवल बॉलीवुड इंडस्ट्री बल्कि पूरे देश को भी हैरान कर दिया है। अभिनेता पर उनके घर पर ही हमला हुआ, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। दो सर्जरी के बाद, फिलहाल सैफ लीलीवती अस्पताल में भर्ती हैं। उनके स्वास्थ्य में अब पहले से काफी सुधार हुआ है। इस हमले पर अब शाहिद कपूर का भी रिएक्शन सामने आया है। शाहिद ने अपनी फिल्म ‘देवा’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान इस बारे में बात की।
क्या बोले शाहिद
शाहिद ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि सैफ अब ठीक हैं और उन्हें अच्छा महसूस हो रहा होगा। हमें जो कुछ हुआ, उसे जानकर बहुत हैरानी हुई। यह सोचकर भी बहुत मुश्किल है कि मुंबई जैसे शहर में ऐसा हो रहा है। मुझे पूरा यकीन है कि पुलिस अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही होगी।”
मुंबई को लेकर शाहिद का बयान
मुंबई को असुरक्षित कहे जाने पर शाहिद ने कहा, “मुंबई एक बहुत ही सुरक्षित शहर है। जब हमारे परिवार के सदस्य या महिलाएं रात के 2 बजे बाहर जाती हैं, तो वे भी सुरक्षित रहती हैं। यह एक बहुत शॉकिंग घटना है जो सैफ के साथ घटी। हम सभी प्रार्थना करते हैं कि वह जल्द ठीक हो जाएं।”
सैफ की हालत में सुधार
गौरतलब है कि शाहिद और सैफ साथ में फिल्म ‘रंगून’ में काम कर चुके हैं। वहीं, सैफ के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी गई है कि वह अब आईसीयू से प्राइवेट रूम में शिफ्ट हो गए हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि अगर उनके घाव थोड़े और गहरे होते, तो उनकी जान को भी खतरा हो सकता था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद जब सैफ पहुंचे, तो वह काफी खून बहने के बावजूद शेर की तरह आए। डॉक्टर्स ने उन्हें रियल हीरो कहा।