शहडोल एएसआई हत्याकांड: फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार, लापरवाही पर ब्यौहारी टीआई लाइन अटैच

शहडोल, 6 मई (हि.स.)। रेत का अवैध परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एएसआई को कुचल दिया था। इस मामले में पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी ट्रैक्टर मालिक मास्टरमाइंड सुरेंद्र सिंह को रविवार रात में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के बाद सुरेंद्र के बेटे आशुतोष सिंह और चालक राज रावत को गिरफ्तार कर लिया था। शहडोल एसपी कुमार प्रतीक ने लापरवाही बरतने पर ब्यौहारी के टीआई मुन्नालाल रहंगडाले को लाइन अटैच कर दिया था। उन पर पहले भी कई मामलों में लापरवाही बरतने का आरोप है। एसपी ने कहा कि आरोपियों पर जिला बदर की कार्रवाई भी की जाएगी।

ज्ञात हो कि ब्यौहारी थाने में पदस्थ एएसआई महेंद्र बागरी एक आपराधिक मामले में फरार स्थायी वारंटी को पकड़ने बड़ौली गांव गए थे। एएसआई गया प्रसाद कन्नौजे और आरक्षक संजय दुबे उनके साथ थे। इसी दौरान खढौली गांव के पास सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखी। बागरी ने उसे रोकने का इशारा किया लेकिन ड्राइवर उन्हें कुचलता हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली को आगे बढ़ा ले गया। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12 की थी। इस मामले में रविवार दोपहर को पुलिस और प्रशासन ने ट्रैक्टर मालिक के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया था।

एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि ट्रैक्टर चालक राज समधिन नदी से रेत भरकर ला रहा था। एएसआई को कुचलने के बाद वह ट्रैक्टर से कूद गया। इसके बाद ट्रैक्टर बेकाबू होकर पुल से नीचे जा गिरा। दूसरा गिरफ्तार आरोपी आशुतोष, सुरेंद्र सिंह का बेटा है। जो अपनी देखरेख में रेत चोरी करा रहा था।

एएसआई महेंद्र बागरी की पदस्थाापना ब्यौहारी थाने में 3 मार्च 2024 को हुई थी। इसके पहले वे पुलिस लाइन शहडोल में पदस्थ थे। बागरी मूल रूप से सतना जिले के सिंहपुर थाना इलाके के मसनहा गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी दुर्गावती बागरी शहडोल में पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में ही रह रही हैं। तीन बेटियां हैं। इनके नाम- आयुषी (13), परी (8) और सिवी (3) हैं।

प्रशासन ने खदानों से दो दर्जन हाइवा किए जब्त

जिला प्रशासन ने ब्यौहारी क्षेत्र में खदानों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात तक सोन नदी की बोड्डीहा और पोंडी खदान को मिलाकर लगभग 2 दर्जन हाईवा जब्त की हैं। वहां 4 पोकलेन मशीन भी खदान से पकड़ाई हैं। सोमवार की सुबह से भी कार्रवाई जारी है।

इस मामले में आरोपी सुरेंद्र सिंह के बड़े भाई केशव प्रताप सिंह ने पुलिस पर सवाल उठाए है। वे आर्मी से रिटायार हैं। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में 50 से ज्यादा ट्रैक्टर से रेत का अवैध खनन चल रहा है। मैंने खुद कई बार पुलिस और खनिज विभाग की टीम को फोन करके अवैध खनन रोकने की मांग की थी लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। यह जो ट्रैक्टर चल रहे हैं वो पुलिस वालों के संरक्षण में चल रहे हैं। इसमें पुलिस की मिलीभगत है। माइनिंग भी इस ओर ध्यान नहीं देता है। रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं जब वो पुलिस को मार सकते हैं तो आम जनता का क्या हाल होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।