बिकाऊ विधायक जनता के सबसे बड़े गुनहगार : सुक्खू

शिमला, 06 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने कहा कि बिकाऊ विधायक जनता के सबसे बड़े गुनहगार हैं। उन्होंने जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाकर चुनाव का अनावश्यक बोझ डाला है। सवाल सरकार, मुख्यमंत्री या मंत्री की कुर्सी का नहीं है, जनता के वोट के निरादर का है। लोकसभा चुनाव में 1 जून को नादौन से ऐसी आवाज पूरे प्रदेश में जानी चाहिए कि नोट के दम पर सरकार गिराने की कोशिश करने वाली भाजपा को सबक मिले।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोमवार को अपने गृह विधानसभा हल्के नादौन के बड़ा, पुतड़ियाल व नौहंगी में चुनावी सभाओं में यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद रहते अनुराग ठाकुर ने कुछ नहीं किया। आपदा के समय वह प्रभावितों के साथ खड़े नहीं हुए। एनपीएस के 9000 करोड़ रुपये दिलाने में कोई मदद नहीं की। जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज पर अनुराग झूठ बोलते हैं, इसे उन्होंने नहीं मैंने स्वीकृत करवाया है। अगर उन्होंने मंजूर करवाया होता तो वह हमीरपुर में खोलते 16 किलोमीटर दूर जोलसप्पड़ में नहीं खुलने देते।

सुक्खू ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के साथ ही कांग्रेस सरकार कैंसर अस्पताल भी खोलने जा रही है। 5 करोड़ रुपये का बजट जारी हो चुका है। बड़ा के सधोड़ा पत्तन में ब्यास नदी पर पुल बनाने के लिए 10 करोड़ का बजट सरकार दे चुकी है। चुनावों के बाद इस पुल का नींव पत्थर रखा जाएगा। नादौन के खरीदी मैदान में 100 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय इंडोर स्टेडियम बन रहा है, जिसमें 6-7 खेलों को खेला जा सकेगा। दर्जनों युवाओं को रोजगार मिलेगा, युवा पीढ़ी को नशे से बचाएंगे। बड़ा में पूर्व यूपीए सरकार में मंजूर स्पाइस पार्क में भी संभावनाएं तलाश रहे हैं कि उस जमीन पर क्या हो सकता है।